September 25, 2026

Haryana Weather: हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार

0
Haryana Weather: हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार

Haryana Weather: प्रदेश में मानसून की विदाई रेखा गुजरने के बावजूद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पूर्वी और उत्तरी हरियाणा के जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में आज हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना बनी हुई है, जबकि आसपास के मैदानी इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी दर्ज की जा सकती है।

हवाओं की दिशा बदलने से बदला सिस्टम

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, मानसून के जाने के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर और हवाओं की दिशा बदलने से यह मौसमी फेरबदल हो रहा है। हवाएं अब पश्चिमी से बदलकर पूर्वी रुख अपना रही हैं, जिससे नमी में इजाफा हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 27 से 29 सितंबर के दौरान उत्तरी जिलों अंबाला, पंचकुला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होगी। वहीं दक्षिणी व पश्चिमी जिलों में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

दिन के पारे में गिरावट, गर्मी और उमस से मिलेगी राहत

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में तेज धूप और उमस ने लोगों को काफी परेशान किया। इस दौरान फरीदाबाद 36.7 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा, जबकि अंबाला में 35.7 और हिसार में 35.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। हालांकि, आज से शुरू हो रहे बारिश के इस नए दौर से दिन के तापमान में सीधे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इससे लोगों को तीखी धूप और दोपहर की चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी।

रातों में घुलेगी हल्की ठंडक, 29 के बाद साफ होगा आसमान

दिन के पारे में गिरावट के साथ-साथ अब रातों के तापमान में भी बदलाव साफ नजर आने लगा है। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान गिरकर 20.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 29 सितंबर तक बारिश का यह दौर खत्म हो जाएगा। इसके बाद राज्य भर में मौसम दोबारा पूरी तरह खुश्क हो जाएगा और आसमान साफ रहेगा। बारिश का यह स्पेल समाप्त होते ही रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे प्रदेश में हल्की गुलाबी रंगत वाली ठंडक की शुरुआत हो जाएगी।

यह भी देखें – पंजाब में मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, आज से इन जिलों में बरसेंगे बादल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed