September 25, 2026

Kurukshetra Petrol Pump Attack: कुरुक्षेत्र में पेट्रोल पंप पर गदर, 100 रुपये के तेल पर विवाद, सिलेंडर और पत्थरों से किया हमला

0
Kurukshetra Petrol Pump Attack: कुरुक्षेत्र में पेट्रोल पंप पर गदर, 100 रुपये के तेल पर विवाद, सिलेंडर और पत्थरों से किया हमला

कुरुक्षेत्र में पेट्रोल पंप पर गदर, 100 रुपये के तेल पर विवाद, सिलेंडर और पत्थरों से किया हमला

Kurukshetra Petrol Pump Attack: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बीती रात बेखौफ बदमाशों ने जमकर उपद्रव मचाया। शहर के व्यस्तम इलाके थीम पार्क के ठीक सामने स्थित एक पेट्रोल पंप पर रात करीब 10:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक पर आए दो युवकों ने जरा सी बात पर खूनी खेल शुरू कर दिया। 100 रुपये का पेट्रोल डलवाने के बाद पैसे के भुगतान को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गई।

ईंट-पत्थर बरसाए, अग्निशामक सिलेंडर से किया वार

पंप कर्मचारी मोहन लाल के मुताबिक, जोगी बस्ती के रहने वाले शुभम और केशव नाम के दो युवक बाइक पर सवार होकर आए थे। 100 रुपये का तेल डलवाने के बाद जब कर्मचारियों ने पैसे मांगे, तो दोनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने पास में पड़ी ईंट-पत्थर उठाकर कर्मचारियों पर बरसाने शुरू कर दिए। इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा, तो उन्होंने पंप पर रखा भारी-भरकम अग्निशामक (आग बुझाने वाला) सिलेंडर उठाया और कर्मचारियों पर दे मारा। इस हिंसक हमले में एक कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया।

60 हजार की लूट का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

पंप कर्मियों का दावा है कि मारपीट और तोड़फोड़ का तांडव मचाने के बाद दोनों आरोपी गल्ले से करीब 60 हजार रुपये की नकदी छीनकर मौके से रफूचक्कर हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी सरेआम गुंडागर्दी करते नजर आ रहे हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा, लूट के दावे पर जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (KUK) थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी (SHO) जगदीश टामक ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी शुभम को मौके के आसपास से ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका दूसरा साथी केशव अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। एसएचओ के अनुसार, शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट और तोड़फोड़ की बात सामने आई है। पुलिस लूट के आरोपों और सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें – हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed