पंजाब में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई: टिप्पर चालक ने पुलिस पर चढ़ाया वाहन, 2 गिरफ्तार
पठानकोट में अवैध खनन पर रेड
Pathankot Illegal Mining: पंजाब के पठानकोट में रावी दरिया में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाने की कोशिश की गई। रविवार देर रात माधोपुर में छापेमारी के दौरान टिप्पर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान सीनियर कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने समय रहते एक तरफ छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। थाना सुजानपुर और स्पेशल ब्रांच पठानकोट की संयुक्त टीम ने रावी दरिया में अवैध खनन की सूचना मिलने पर कार्रवाई की थी। पुलिस ने मौके से एक पोकलेन मशीन, टिप्पर और स्कॉर्पियो कार जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पोकलेन मशीन का ऑपरेटर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, स्पेशल ब्रांच की पुलिस टीम माधोपुर अड्डे पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि माधोपुर में रावी दरिया के किनारे श्री बालाजी स्टोन क्रशर के सामने पोकलेन मशीन और टिप्पर की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद रविवार रात करीब 1:45 बजे थाना सुजानपुर और स्पेशल ब्रांच की संयुक्त टीम बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां अंधेरे में एक पोकलेन मशीन और टिप्पर से खनन किया जा रहा था। मौके पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो कार भी खड़ी मिली। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हलचल मच गई। पोकलेन मशीन का ऑपरेटर मशीन छोड़कर फरार हो गया, जबकि टिप्पर चालक ने पुलिस को देखकर वाहन स्टार्ट कर दिया।
टिप्पर चालक ने कांस्टेबल पर चढ़ाने की कोशिश की
थाना सुजानपुर में दर्ज शिकायत के अनुसार, सीनियर कांस्टेबल प्रदीप कुमार ने बताया कि टिप्पर चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों पर टिप्पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान कांस्टेबल ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक तरफ छलांग लगाई और खुद को वाहन की चपेट में आने से बचा लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर टिप्पर को रुकवाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को काबू करने की कार्रवाई की। इस घटना के बाद पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ पुलिसकर्मी की जान लेने की कोशिश करने के आरोप में भी मामला दर्ज किया है।
पठानकोट और गुरदासपुर के दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर खड़ी स्कॉर्पियो कार से उतरे एक युवक को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान अमन निवासी पठानकोट के रूप में हुई है। वहीं, टिप्पर नंबर JK 02 CS 9087 के चालक की पहचान लोकी मसीह निवासी तिब्बड़, जिला गुरदासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही पोकलेन मशीन और टिप्पर के साथ स्कॉर्पियो कार भी जब्त की गई है। हालांकि, पोकलेन मशीन का ऑपरेटर पुलिस की पहुंच से बाहर है।
थाना सुजानपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन अधिनियम और पुलिस टीम पर टिप्पर चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार पोकलेन ऑपरेटर की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रावी दरिया में अवैध खनन किस स्तर पर किया जा रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद इलाके में अवैध खनन जारी होने की सूचना के बाद इस मामले ने फिर से ध्यान खींचा है।
