September 29, 2026

बठिंडा में ठेके के कारिंदे का गोली मारकर कत्ल; आरोपी मौके से फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

0
बठिंडा में ठेके के कारिंदे का गोली मारकर कत्ल; आरोपी मौके से फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

बठिंडा में दिनदहाड़े मर्डर

Bathinda murder news: पंजाब के बठिंडा जिले के गांव बीबीवाला में सोमवार दोपहर शराब ठेके पर काम करने वाले एक कारिंदे की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। हमलावरों ने ठेके पर मौजूद सोलन सिंह पर फायरिंग की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को ठेके के अंदर सोलन सिंह का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मौके से गोलियों के तीन खाली खोल बरामद किए गए हैं।

जिस शराब ठेके पर वारदात हुई, वह गांव से बाहर खेतों के पास स्थित है। दोपहर के समय यहां लोगों की आवाजाही कम रहती है। बताया जा रहा है कि सोलन सिंह सोमवार को ठेके पर मौजूद था, तभी हमलावर वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात के दौरान करीब तीन गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। जानकारी के मुताबिक, इनमें से दो गोलियां सोलन सिंह को लगीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हमले की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।

वारदात के बाद ठेके के बाहर भी खून के निशान मिले हैं। स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, इन निशानों से आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने पहले सोलन सिंह को ठेके के बाहर गोली मारी और फिर उसे अंदर घसीटकर ले गए। हालांकि, पुलिस ने अभी इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और बरामद खाली खोलों को कब्जे में लिया है। इनकी जांच के साथ पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और हमलावरों से जुड़े सुराग तलाश रही है।

 

 

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हत्या के बाद ठेके में रखे नकदी वाले गल्ले की भी जांच की गई। सूत्रों के अनुसार, गल्ले में नकदी नहीं मिली। इसके बाद वारदात को लूट के इरादे से अंजाम दिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ठेके से नकदी या कोई अन्य सामान लूटा गया है या नहीं। पुलिस हत्या के साथ-साथ लूट और आपसी दुश्मनी के पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के करीब 500 मीटर के दायरे में कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस इनकी रिकॉर्डिंग की मदद से वारदात के समय आसपास से गुजरने वाले संदिग्ध लोगों और वाहनों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।वारदात के बाद इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। थाना कैंट के SHO गुरप्यार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के कारणों और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed