Kaithal Cooperative Society Record Burnt: कैथल के भूसला गांव की को-ऑपरेटिव सोसायटी का रिकॉर्ड जलाकर खाक, साजिश की आशंका
कैथल के भूसला गांव की को-ऑपरेटिव सोसायटी का रिकॉर्ड जलाकर खाक
Kaithal Cooperative Society Record Burnt: कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भूसला में एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थित प्राथमिक कृषि सहकारी समिति (पैक्स/को-ऑपरेटिव सोसायटी) कार्यालय में रात के समय अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी। इस आगजनी की घटना में संस्था के वित्तीय लेनदेन और प्रशासनिक कामकाज से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण सरकारी रिकॉर्ड जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भूसला को-ऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन ने तुरंत पुलिस को तहरीर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चीका थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी बड़े घोटाले या धांधली को छिपाने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।
शाम को कर्मचारी ताला लगाकर गए, सुबह बिखरी मिली राख
भूसला को-ऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन अजीत सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि 29 सितंबर की शाम को कार्यालय का कामकाज खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी रोजाना की तरह ताला बंद कर अपने-अपने घर चले गए थे। इसके बाद रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने दबे पांव कार्यालय में दाखिल होकर पूरे रिकॉर्ड रूम में आग लगा दी।
अगली सुबह जब घटना का पता चला, तो कार्यालय के भीतर चारों तरफ जले हुए पन्ने और राख बिखरी पड़ी थी। इस आगजनी में सोसायटी की दैनिक लेनदेन दर्ज करने वाली मुख्य डे बुक, लेजर बुक, चुनाव से जुड़ी मत पेटी और किसानों के लेनदेन से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण रजिस्टर और दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए।
साजिश की बू, पुलिस ने जांच की तेज
अचानक हुई इस आगजनी से सहकारी समिति से जुड़े किसानों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी रोष और संशय का माहौल है। चेयरमैन अजीत सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घटना के पीछे की साजिश का पर्दाफाश किया जाए और दोषी पाए जाने वाले आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
मामले की जानकारी देते हुए चीका थाना के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित चेयरमैन की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीमों और स्थानीय सूत्रों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग
