Yamunanagar Accident: यमुनानगर में ट्रक ने स्कूटी सवार भाई-बहन को कुचला, 12वीं के छात्र की मौत
यमुनानगर में ट्रक ने स्कूटी सवार भाई-बहन को कुचला, 12वीं के छात्र की मौत
Yamunanagar Accident: यमुनानगर जिले में रादौर मार्ग पर स्थित दामला गांव के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने स्कूटी सवार भाई-बहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सड़क पर गिरते ही ट्रक छात्र के ऊपर से निकल गया। इस हादसे में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले 17 वर्षीय सूर्य प्रताप की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रादौर जाते समय दामला स्कूल के पास हुआ हादसा
सदर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में गोलनपुर गांव निवासी उदय सिंह ने बताया कि गुरुवार को उसकी चचेरी बहन काजल (बीए फाइनल की छात्रा) और चाचा का बेटा सूर्य प्रताप एक पड़ोसी की स्कूटी लेकर गांव गोलनपुर से रादौर जा रहे थे। उदय भी अपनी बाइक पर उनके पीछे-पीछे चल रहा था।
जैसे ही दोनों स्कूटी से दामला स्थित सरकारी स्कूल से थोड़ा आगे पहुंचे, तभी पीछे से यमुनानगर की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर जा गिरे और बेकाबू ट्रक सूर्य प्रताप को रौंदता हुआ निकल गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार पर फिर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलते ही एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को पहले यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उन्हें मुलाना स्थित एमएम अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सूर्य प्रताप ने दम तोड़ दिया। वहीं दोनों पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण काजल को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इस हादसे ने पीड़ित परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक सूर्य प्रताप के पिता कर्मचंद की भी कुछ समय पहले एक सड़क दुर्घटना में ही मौत हो चुकी है। अब परिवार के इकलौते सहारा 17 वर्षीय सूर्य की मौत के बाद घर में मातम छाया हुआ है।
पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया, ड्राइवर की तलाश जारी
यमुनानगर के सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रक को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई उदय के बयानों के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
