August 2, 2026

Welcome to the Jungle Advance Booking: रिलीज से पहले ही अक्षय कुमार की फिल्म ने कूट डाले करोड़ों, बिके 40 हजार टिकट

0
Welcome to the Jungle Advance Booking: रिलीज से पहले ही अक्षय कुमार की फिल्म ने कूट डाले करोड़ों, बिके 40 हजार टिकट

एडवांस बुकिंग में दिखा अक्षय कुमार की नई कॉमेडी फिल्म का जलवा

Welcome to the Jungle Advance Booking: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के सितारे एक बार फिर बुलंदियों पर नजर आ रहे हैं। हाल ही में फिल्म ‘भूत बंगला’ की बड़ी सफलता का स्वाद चख चुके अक्षय अब दर्शकों को ठहाके लगाने का एक और बड़ा बहाना देने आ रहे हैं। उनकी मच-अवेडेट और भारी-भरकम स्टारकास्ट से सजी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ कल, 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। हाल ही में मेकर्स ने जब इसका मजेदार ट्रेलर ड्रॉप किया था, तभी से सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर माहौल बनना शुरू हो गया था। अब यह माहौल बॉक्स ऑफिस के एडवांस बुकिंग काउंटर्स पर भी साफ नजर आने लगा है, जहां टिकट खिड़की पर दर्शकों की लंबी कतारें लगी हैं।

40 हजार से ज्यादा टिकट बिके, करोड़ों में खेल रही है अक्षय की फिल्म

इंडस्ट्री के बॉक्स ऑफिस ट्रैकर ‘सैकनिल्क’ के ताजा आंकड़ों की मानें तो ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सिनेमाप्रेमियों में गजब का क्रेज है। 25 जून की सुबह 10:30 बजे तक के डेटा के मुताबिक, फिल्म के 40 हजार से ज्यादा टिकटों की एडवांस सेल हो चुकी है। बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने 90 लाख से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। वहीं, अगर ब्लॉक सीटों के आंकड़ों को भी शामिल कर लिया जाए, तो यह प्री-टिकट सेल का आंकड़ा 2.77 करोड़ रुपये की मोटी कमाई को पार कर चुका है। फिल्म की एडवांस बुकिंग बीते 22 जून को ही ओपन कर दी गई थी।

आज शाम ही देख सकेंगे फिल्म, ओपनिंग डे पर 20 करोड़ पार होने का अनुमान

ट्रेड एनालिस्ट्स और फिल्म समीक्षकों का मानना है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर राज करने वाली है। कयास गाए जा रहे हैं कि फिल्म पहले ही दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर आराम से 20 से 22 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग लेगी। दर्शकों की इसी दीवानगी को भुनाने के लिए मेकर्स ने एक बड़ा दांव खेला है। फिल्म की रेगुलर रिलीज से एक दिन पहले, यानी आज (25 जून) की शाम 7:30 बजे से ही देश के चुनिंदा सिनेमाघरों में स्पेशल ‘पेड प्रीव्यू’ स्क्रीनिंग रखी गई है, ताकि फैंस वीकेंड का इंतजार किए बिना सस्पेंस और कॉमेडी के इस कॉकटेल का लुत्फ उठा सकें।

सितारों का सैलाब: पुरानी जोड़ी की वापसी और कॉमेडी के महारथी एक साथ

इस फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी इसका कलाकारों का लंबा-चौड़ा कुनबा है। फिल्म में न सिर्फ अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की एवरग्रीन जोड़ी वापस आ रही है, बल्कि रवीना टंडन, अरशद वारसी और परेश रावल जैसे मंझे हुए कलाकार भी स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। इनके अलावा ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस और लारा दत्ता मौजूद हैं। वहीं कॉमेडी ब्रिगेड को संभालने के लिए राजपाल यादव, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा जैसे महारथी एक साथ मोर्चे पर तैनात हैं। करीब 30 से ज्यादा नामचीन चेहरों से सजी यह फिल्म इस शुक्रवार दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed