Guru Randhawa gym Firing: पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर गोलीबारी के मामले में यहां पश्चिम विहार में दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो कथित सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे 11 जून को की गई गोलीबारी के बाद से फरार थे। इसके साथ ही मामले के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हकीकत और सागर बुधवार रात किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए पश्चिमी दिल्ली आए थे, तभी विशेष प्रकोष्ठ की टीमों ने विशिष्ट सूचना के आधार पर उन्हें रोक लिया। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें काबू कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उनके कब्जे से हथियार बरामद किये गये।
इससे पहले, दो अन्य आरोपी – अरमान (19) और तुषार उर्फ ताशु उर्फ पिंकू (21) को बहादुरगढ़ में अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं ने कहा है कि चारों आरोपी गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़े हुए हैं जो अमेरिका में बैठा है और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य है। जिम पर गोलीबारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में पंडित ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट के मुताबिक, रंधावा के जिम को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से उनकी नजदीकियों को लेकर निशाना बनाया गया, जिन्हें बिश्नोई गिरोह अपना विरोधी मानता है।
यह भी पढ़ें; Thought Of The Day

