September 16, 2026

Anil Vij Ambala: अंबाला में बिजली कर्मचारियों ने घेरा घर, तो अनिल विज बोले- मेरे खिलाफ मुर्दाबाद के नारे दोबारा लगाओ!

0
Anil Vij Ambala: अंबाला में बिजली कर्मचारियों ने घेरा घर, तो अनिल विज बोले- मेरे खिलाफ मुर्दाबाद के नारे दोबारा लगाओ!

अनिल विज का अनोखा अंदाज

Anil Vij Ambala: हरियाणा में अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ रहे बिजली निगम के कर्मचारियों ने गुरुवार को अंबाला कैंट में जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्ज यूनियन के आह्वान पर प्रदेश भर से जुटे 5 हजार से अधिक कर्मचारी कैंट के इंदिरा पार्क में इकट्ठा हुए और वहां से जुलूस की शक्ल में कैबिनेट मंत्री अनिल विज के शास्त्री कॉलोनी स्थित आवास को घेरने निकल पड़े। कर्मचारियों की एक किलोमीटर से भी लंबी कतार के कारण अंबाला-साहा और अंबाला-दिल्ली हाईवे पूरी तरह चोक हो गए, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जब गूंजे नारे, तो अनिल विज बोले- ‘एक बार और लगाओ, मजा आ रहा है’

इस भारी विरोध प्रदर्शन के बीच अंबाला की सड़कों पर एक ऐसा राजनीतिक और लोकतांत्रिक नजारा देखने को मिला, जिसकी चर्चा अब पूरे प्रदेश में हो रही है। जब हजारों कर्मचारी मंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए सरकार और अनिल विज के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे, तभी वहां से मंत्री विज का काफिला गुजरा। कर्मचारियों को देखकर विज ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और सुरक्षा घेरा तोड़कर उनके बीच पैदल चलने लगे। जब कर्मचारियों ने नारा लगाया कि ‘हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है’, तो विज ने तपाक से माइक संभालकर कहा– “संघर्ष तुम्हारा नारा है, तो अनिल विज तुम्हारा है।” बाद में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि मेरे आने से पहले जो मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे, जरा एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा है।

इन 6 सूत्रीय मांगों को लेकर भड़के हैं बिजली कर्मचारी

यूनियन के राज्य प्रधान इकबाल चंदाना और उपप्रधान राजकुमार सहला ने बताया कि बिजली कर्मचारी सरकार की वादाखिलाफी से बेहद आहत हैं। उनकी मुख्य मांगों में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, जान जोखिम में डालकर काम करने वाले फील्ड स्टाफ को रिस्क अलाउंस देना, घर से दूर तैनात कर्मचारियों को होम सर्कल ट्रांसफर की सुविधा देना और ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को तुरंत रद्द करना शामिल है। इसके अलावा, यूनियन की मांग है कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत लगे कच्चे कर्मचारियों को समान काम-समान वेतन दिया जाए और उन्हें जल्द से जल्द पक्का किया जाए।

भाई की बीमारी का हवाला देकर 15 दिन बाद बैठक का आश्वासन

शास्त्री कॉलोनी स्थित आवास पर शाम करीब सवा सात बजे पहुंचे अनिल विज ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन स्वीकार किया। इस दौरान उनके और यूनियन के नेताओं के बीच बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। विज ने कर्मचारियों को बताया कि उनके भाई इस समय चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) में भर्ती हैं, इसलिए वे तुरंत बैठक नहीं ले सकते। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे 10-15 दिन बाद अपने 10-15 भरोसेमंद पदाधिकारियों की वार्ता समिति के साथ चंडीगढ़ आएं, वे विभाग के तमाम बड़े अफसरों को आमने-सामने बैठाकर एक-एक बिंदु पर बातचीत करेंगे और जो मांगें जायज होंगी, उन्हें तुरंत पूरा करवाएंगे। मंत्री के इस भरोसे के बाद कर्मचारियों ने शाम साढ़े सात बजे अपना धरना समाप्त किया।

मांगें न मानने पर सीएम आवास का घेराव और हड़ताल का अल्टीमेटम

हालांकि मंत्री के आश्वासन के बाद कर्मचारी शांत होकर लौट गए हैं, लेकिन यूनियन ने सरकार को अपनी ताकत का अहसास करा दिया है। बिजली कर्मचारियों ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन बाद होने वाली इस बैठक में कोई ठोस और लिखित समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। तय रणनीति के मुताबिक, मांगें पूरी न होने पर आगामी 20 अगस्त को राज्य भर के बिजली कर्मी चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। इसके बाद भी बात न बनने पर 29 और 30 सितंबर को दो दिनों के लिए पूरे हरियाणा में मुकम्मल बिजली हड़ताल की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन-प्रशासन की होगी

यह भी पढ़ें- मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज के 325 कर्मियों ने शुरू की हड़ताल

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed