Ambala Visa Fraud: अमेरिका भेजने के नाम पर 20 लाख ठगे, युवकों को 7 देशों में घुमाकर दिल्ली छोड़ा

अमेरिका भेजने के नाम पर 20 लाख ठगे
Ambala Visa Fraud: हरियाणा में ‘डंकी’ रूट और फर्जी एजेंटों के जाल में फंसकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंबाला के नारायणगढ़ क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुरुक्षेत्र जिले के ठोल गांव निवासी एक दंपती ने दो युवकों को सीधा अमेरिका पहुंचाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए, लेकिन उन्हें अमेरिका ले जाने के बजाय थाईलैंड, वियतनाम और कजाकिस्तान जैसे 7 अलग-अलग देशों में महीनों दर-बदर भटकने पर मजबूर कर दिया।
पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक अंबाला ने मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOU) को सौंपी थी। जांच में आरोप सच पाए जाने के बाद नारायणगढ़ थाना पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
37 लाख प्रति युवक में हुआ था सौदा, किश्तों में ऐंठे लाखों रुपये
नारायणगढ़ के गनौली गांव निवासी किसान नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने अपने बेटे नायब सिंह को विदेश भेजने के लिए कुरुक्षेत्र के ठोल गांव निवासी नीरज और उसकी पत्नी पूनम रानी से संपर्क किया था। आरोपी नीरज ने नरेश कुमार के बेटे नायब और उनके रिश्तेदार सचिन ढींढसा को 37-37 लाख रुपये में सीधे अमेरिका भेजने का भरोसा दिया था।
झांसे में आकर पीड़ितों ने सितंबर 2023 में सबसे पहले 5 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी वीजा-पासपोर्ट और डॉलर खरीदने के नाम पर नकदी ऐंठनी शुरू कर दी। सफर के दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग देशों में लड़कों को रोके रखने के नाम पर किश्तों में लाखों रुपये की उगाही जारी रखी।
थाईलैंड से कजाकिस्तान तक भटकते रहे युवक, दिल्ली के होटल से लौटे घर
7 अक्टूबर 2023 को आरोपी ने दोनों युवकों को दिल्ली से थाईलैंड की फ्लाइट में बैठाया। इसके बाद शुरू हुआ 7 देशों का अंतहीन भटकाव। आरोपी युवकों को थाईलैंड से वियतनाम, फिर इंडोनेशिया, दोबारा वियतनाम, थाईलैंड, दुबई और अंत में कजाकिस्तान ले गए। फरवरी 2024 में दोनों को वापस भारत बुलाकर दिल्ली के एक होटल में ठहरा दिया गया।
दिल्ली के होटल में करीब तीन हफ्ते तक अपने खर्चे पर रुकने और मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के बाद दोनों युवक आखिरकार निराश होकर अपने घर लौट आए।
जमीन बेचकर दिए थे पैसे, मांगने पर मिली मार कर दफनाने की धमकी
पीड़ित नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे के सुनहरे भविष्य के लिए अपनी कृषि भूमि बेचकर आरोपी नीरज को 20.70 लाख रुपये दिए थे। जब दोनों युवक वापस लौटे और पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने आढ़ती के पास रखी गारंटी राशि में से 10 लाख रुपये तो लौटा दिए, लेकिन बाकी की रकम हड़प ली।
3 मई 2026 को जब पीड़ित गांव के मौजूदा व पूर्व सरपंचों के साथ आरोपी के गांव ठोल पहुंचे, तो आरोपी घर से गायब मिला। बाद में फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने साफ लहजे में पैसे लौटाने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अगर दोबारा गांव आए तो जान से मारकर यहीं दफना दूंगा।
ईओयू जांच के बाद पति-पत्नी पर आपराधिक मामला दर्ज
आर्थिक अपराध शाखा अंबाला ने पूरे घटनाक्रम और बैंक लेन-देन के साक्ष्यों की जांच की। जांच अधिकारी के मुताबिक, आरोपी नीरज और उसकी पत्नी पूनम रानी के खिलाफ धारा 406 (अमानत में खयानत), 420 (धोखाधड़ी) और 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत नारायणगढ़ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक विशेष टीम अब फरार चल रहे आरोपी दंपती को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें– स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा, डायल ने जारी की एडवाइजरी
