August 12, 2026

Chandigarh News: चंडीगढ़ सुखना लेक पर 8 युवकों ने फोटोग्राफर को बेरहमी से पीटा, ईंट से चेहरे पर वार किए , 3 दांत टूटे

0
Chandigarh News: चंडीगढ़ सुखना लेक पर 8 युवकों ने फोटोग्राफर को बेरहमी से पीटा, ईंट से चेहरे पर वार किए , 3 दांत टूटे

चंडीगढ़ सुखना लेक पर 8 युवकों ने फोटोग्राफर को बेरहमी से पीटा

Chandigarh News: चंडीगढ़ की सुखना लेक पर फोटोग्राफर ओमेंद्र सिंह उर्फ ओमवीर सिंह पर करीब 8 युवकों ने हमला कर दिया। ओमेंद्र के मुताबिक, वह अपने साथी सुरजीत को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे थे, जहां युवक उसके साथ मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि सुरजीत को छुड़ाने की कोशिश करते ही युवकों ने ओमवीर को घेर लिया और ईंटपत्थरों से पीटना शुरू कर दिया।

ओमवीर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे पेड़ के पास गिरा दिया। एक युवक ने उसे पकड़ रखा, जबकि दूसरे ने ईंट से उसके चेहरे और मुंह पर वार किए। हमले में उसके दो दांत पूरी तरह टूट गए, जबकि तीसरा दांत आधा टूट गया।

 

 

18 साल से सुखना लेक पर कर रहे फोटोग्राफी

ओमवीर ने बताया कि वह पंचकूला के खेड़ी गांव में रहते हैं और करीब 18 साल से सुखना लेक पर फोटोग्राफी का काम कर रहे हैं। लेक पर आने वाले लोगों की तस्वीरें खींचकर वह अपनी रोजीरोटी चलाते हैं। करीब 4 साल से सुरजीत नाम का युवक भी उनके साथ फोटोग्राफी का काम कर रहा है।

ओमवीर के अनुसार, रविवार (11 अगस्त) शाम करीब 4:30 बजे सुरजीत का फोन आया। सुरजीत घबराया हुआ था और फोन पर चिल्लाते हुए उसे बचाने के लिए कह रहा था। इसके बाद ओमवीर तुरंत मौके पर पहुंचे।

 

 

सुरजीत को घेरकर पीट रहे थे युवक

ओमवीर का कहना है कि मौके पर पहुंचने पर करीब 8 युवक सुरजीत को घेरकर पीट रहे थे। इनमें से कुछ युवकों के हाथों में ईंटें थीं। उन्होंने सुरजीत को छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे छोड़ दिया और ओमवीर को पकड़ लिया।

इसके बाद सभी युवकों ने ओमवीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। वह खुद को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें नहीं छोड़ा। आरोप है कि उन्हें पेड़ के पास गिराने के बाद चेहरे और मुंह पर ईंट से हमला किया गया।

 

 

बुजुर्ग महिला ने बीचबचाव किया

ओमवीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बीचबचाव किया। इसके बाद आरोपी मौके से चले गए। घटना वाली जगह से सुखना लेक पुलिस चौकी कुछ ही कदम की दूरी पर बताई गई है।

पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। वहीं, सुखना लेक पर लगातार गश्त करने का पुलिस की ओर से दावा किया जाता है।

 

 

कस्टमर को लेकर हुआ विवाद, अभी गिरफ्तारी नहीं

ओमवीर ने पुलिस को दी शिकायत में कई युवकों के नाम भी बताए हैं। शिकायत के मुताबिक, विवाद कस्टमर को लेकर हुआ था। पुलिस के सामने शिकायत पहुंचने के बावजूद अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

घटना का असर सीधे उन लोगों पर भी पड़ता है जो सुखना लेक पर फोटोग्राफी करके अपनी रोजीरोटी कमाते हैं। लंबे समय से यहां काम कर रहे फोटोग्राफरों के लिए ग्राहकों को लेकर होने वाला विवाद अब सुरक्षा का सवाल भी खड़ा करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed