धनास पुल पर थार का कहर, धनास पुल पर थार का कहर; टक्कर के बाद भागते हुए ट्रांसफॉर्मर से भिड़ी
चंडीगढ़ में थार ने बाइक सवार 2 युवकों को कुचला
Chandigarh Thar Accident: चंडीगढ़ में सोमवार रात तेज रफ्तार थार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। हादसा रात करीब 9 बजे धनास पुल पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, लाल रंग की थार धनास की तरफ से आ रही थी। पुल पर पहुंचने के बाद उसने आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों युवक काम से लौटकर अपने घर जा रहे थे। बाइक राजू चला रहा था और दोनों धनास की ओर जा रहे थे।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने थार को रोकने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग चिल्लाकर गाड़ी रोकने के लिए कह रहे थे, लेकिन युवती ने गाड़ी नहीं रोकी और आगे बढ़ती रही। कुछ दूरी पर जाकर थार बिजली के ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। टक्कर के बाद गाड़ी रुक गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद लोगों ने थार को चारों तरफ से घेर लिया। युवती मोबाइल फोन से किसी को कॉल करने की कोशिश कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह रोने लगी और लोगों से चुप रहने के लिए कहने लगी। मौके पर मौजूद कुछ लोग उसे शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने युवती के नशे में होने की आशंका भी जताई, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। युवती का मेडिकल कराया गया है और उसका ब्लड सैंपल जांच के लिए लिया गया है।
दोनों घायल युवकों की हालत खतरे से बाहर
हादसे के बाद दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हादसे के समय दोनों युवक काम से लौट रहे थे और घर जाने के लिए धनास की तरफ जा रहे थे। टक्कर के बाद बाइक को काफी नुकसान पहुंचा। वहीं, थार के ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद बिजली के उपकरण को भी नुकसान हुआ या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे की सूचना मिलने पर सारंगपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने थार चला रही युवती को हिरासत में लिया और मेडिकल जांच के लिए सेक्टर-16 अस्पताल ले गई। उसका ब्लड सैंपल भी लिया गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती चंडीगढ़ के सेक्टर-38 की रहने वाली है। पुलिस ने थार को कब्जे में ले लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
