Delhi Jaipur Expressway Accident: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर हादसा, ट्रक ने कांवड़िए को मारी टक्कर, उग्र भीड़ ने की तोड़फोड़

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर हादसा, ट्रक ने कांवड़िए को मारी टक्कर, उग्र भीड़ ने की तोड़फोड़
Delhi Jaipur Expressway Accident: दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब एक अनियंत्रित ट्रक ने डाक कांवड़ लेकर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को टक्कर मार दी। एग्जिट-10 के पास हुए इस हादसे में एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने आरोपी ट्रक चालक की धुनाई कर दी और गाड़ी में तोड़फोड़ मचाई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया।
हरिद्वार से अलवर जा रहा था डाक कांवड़ियों का जत्था
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के अलवर निवासी श्रद्धालुओं का एक समूह हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहा था। रविवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच जब यह जत्था दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एग्जिट-10 के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़िए श्रीकांत को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि श्रीकांत उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसकी बाजू में गहरी चोटें आईं।
चालक पर गाड़ी चढ़ाने का आरोप, कांवड़ियों ने किया हंगामा
हादसा देखते ही साथ चल रहे अन्य कांवड़िए भड़क गए। उनका आरोप था कि चालक ने जानबूझकर गाड़ी कांवड़िए के ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। आक्रोशित कांवड़ियों ने भागने का प्रयास कर रहे ट्रक को घेरकर रोक लिया और चालक को बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान गुस्साए श्रद्धालुओं ने पत्थर और डंडों से ट्रक के शीशे भी चकनाचूर कर दिए। एक्सप्रेसवे पर अचानक हुए इस ड्रामे के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
झपकी आने से हादसे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-40 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान श्रीकांत को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल के भाई बलबीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी ट्रक ड्राइवर वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूनम ने बताया कि प्राथमिक जांच में ऐसा लगता है कि तड़के ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
