फरीदकोट: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम ‘ड्रग्स के खिलाफ जंग’ को आज उस समय बड़ी सफलता मिली, जब सीआईए जैतो की टीम ने एक पेशेवर तस्कर को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से 263 ग्राम हेरोइन बरामद की है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद इनोवा कार को भी जब्त कर लिया है।
नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों और एसपी (आई) जोगेश्वर सिंह गोराया के मार्गदर्शन में नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत सीआईए स्टाफ जैतो के थानेदार चरणजीत सिंह की टीम जब गांव मट्टा से गांव हरी नौ की तरफ गश्त पर थी, तो सुए के पुल के पास एक संदिग्ध इनोवा गाड़ी खड़ी दिखाई दी। मौके पर डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार की मौजूदगी में जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तो गियर लीवर के पास छिपाकर रखी गई 263 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुराना अपराधी है सुखजिंदर उर्फ बब्बी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखजिंदर सिंह उर्फ बब्बी (निवासी गांव मोहर सिंह वाला हथर, फाजिल्का) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कोई नौसिखिया नहीं, बल्कि एक पेशेवर तस्कर है। आरोपी पर पहले से ही ड्रग तस्करी के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से इलाके में ड्रग्स की सप्लाई चेन चला रहा था।
रिमांड के दौरान खुलेंगे बड़े राज
पुलिस ने थाना सदर कोटकपूरा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है।रिमांड के दौरान आरोपी के आगे-पीछे के लिंक की अच्छी तरह से जांच की जाएगी ताकि इस पूरे नेटवर्क का खात्मा किया जा सके।