Google Office Viral: ‘बैक टू द फ्यूचर’ कार रूम और फ्री खाना, गूगल के सैन फ्रांसिस्को ऑफिस का वीडियो वायरल

'बैक टू द फ्यूचर' कार रूम और फ्री खाना, गूगल के सैन फ्रांसिस्को ऑफिस का वीडियो वायरल
Google Office Viral: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी गूगल (Google) न केवल अपने इनोवेटिव प्रोडक्ट्स, बल्कि कर्मचारियों को दिए जाने वाले लग्जरी वर्क कल्चर और सुविधाओं के लिए भी जानी जाती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर सैन फ्रांसिस्को स्थित गूगल ऑफिस का एक इनसाइड टूर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कैटरीन इमैनुएला क्लिट्ज्के (@katarine_emanuela_klitzke) नाम की एक यूजर द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में गूगल ऑफिस के अंदर की भव्यता और मुफ्त सुविधाओं का ऐसा नजारा पेश किया गया है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए।
कैटरीन ने अपने इस वीडियो का मुख्य मकसद गूगल ऑफिस में मिलने वाले ‘फ्री फूड’ (निःशुल्क भोजन) का सच जानना बताया था। लेकिन खाने की टेबल तक पहुंचने से पहले उन्होंने दर्शकों को ऑफिस के उन कोनों की सैर कराई, जहां काम और एंटरटेनमेंट का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
‘बैक टू द फ्यूचर’ कार रूम से लेकर हर फ्लोर पर मिनी किचन
वीडियो की शुरुआत में कैटरीन ने ‘बैक टू द फ्यूचर’ (BTTF) थीम पर बनी एक खास कार दिखाई, जिसका इस्तेमाल कर्मचारी अनोखे मीटिंग स्पेस के तौर पर करते हैं। इसके अलावा ऑफिस में एक रूफटॉप आर्ट एंड क्राफ्ट स्पेस और बोर्ड गेम्स से भरा गेम रूम भी मौजूद है। मजेदार बात यह है कि कर्मचारी इन बोर्ड गेम्स को अपने घर भी ले जा सकते हैं।
खान-पान की व्यवस्था का जिक्र करते हुए कैटरीन ने बताया कि ऑफिस के हर फ्लोर पर एक अलग किचन है। वहां फलों, चॉकलेट बार, ग्रैनोला बार, फ्लेवर्ड वॉटर और कॉफी मशीनों से सजा स्नैक बार हर वक्त कर्मचारियों के लिए खुला रहता है। इतना ही नहीं, गूगल अपने कर्मचारियों के लिए मुफ्त कुकिंग क्लासेस भी आयोजित करता है।
नाश्ते में क्रोइसैन तो लंच में रामेन और पोक बाउल
खाने की बात करें तो वीडियो में दिखाया गया मेन्यू किसी 5-स्टार होटल से कम नहीं लग रहा था। कैटरीन के अनुसार, ब्रेकफास्ट में ताजे फल, दही, अंडे और तरह-तरह के बेकरी आइटम्स शामिल होते हैं। वहीं लंच में कर्मचारियों को ताजा पिज्जा, सलाद बार, झींगा, रिसोट्टो, पोक बाउल और रामेन जैसे लजीज व्यंजनों के अनगिनत ऑप्शन मिलते हैं। पूरे मेन्यू का जायजा लेने के बाद कैटरीन ने माना कि “गूगल का खाना वाकई उतना ही शानदार है, जितनी इसकी चर्चा होती है।”
सुविधाओं के बीच वर्क-लाइफ बैलेंस पर छिड़ी बहस
View this post on Instagram
वीडियो सामने आने के बाद जहां एक तरफ लोग इन सुविधाओं की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कमेंट सेक्शन में वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर तीखी बहस भी शुरू हो गई है। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “सुविधाएं तो ठीक हैं, लेकिन इतने टाइट डेडलाइंस के बीच इंसान को आराम का वक्त ही नहीं मिलता।”
वहीं दूसरे यूजर ने तर्क दिया, “अगर किसी को दफ्तर में ही तीनों समय का खाना खाना पड़ रहा है, तो इसका मतलब है कि वह अपने निजी समय और सेहत की बलि चढ़ा रहा है।” एक अन्य यूजर ने ‘BTTF’ कार मीटिंग रूम पर हैरानी जताते हुए लिखा, “मीटिंग के लिए कार का आइडिया आखिर किसके दिमाग से निकला?”
(डिस्क्लेमर: यह लेख सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी और रिपोर्टों पर आधारित है।)
