Narnaul News: हरियाणा रोडवेज बस में फर्जी पुलिसकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा, बिना टिकट काटा बवाल

हरियाणा रोडवेज बस में फर्जी पुलिसकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा, बिना टिकट काटा बवाल
Narnaul News: हरियाणा में खाकी का फर्जी रौब झाड़कर मुफ्त की सवारी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नारनौल से दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की बस में एक मनचले युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर जमकर हुड़दंग मचाया।
आरोपी युवक ने न सिर्फ बिना टिकट सफर किया, बल्कि बस चला रहे ड्राइवर और यात्रियों के टिकट काट रहे कंडक्टर के साथ सरेआम गाली-गलौज और बदतमीजी भी की। जब कंडक्टर ने उससे पुलिस का पहचान पत्र (आईकार्ड) मांगा, तो वह अपना चेहरा छुपाने लगा और मोबाइल छीनने पर उतारू हो गया।
कुंड से चढ़ा था युवक, चलती बस में ड्राइवर से की हाथापाई जैसी नौबत
रोडवेज बस के चालक मंजीत ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे परिचालक विनोद के साथ बस को लेकर नारनौल से दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में रेवाड़ी के कुंड बस स्टॉप से एक युवक सादे कपड़ों में बस में सवार हुआ। चढ़ते ही उसने रौब दिखाते हुए चालक से बहस शुरू कर दी कि उसने बस को कुंड स्टॉप पर ठीक से क्यों नहीं रोका।
चालक ने जब शांत भाव से कहा कि ‘बस रोकी तभी तो आप चढ़ पाए’, तो युवक आगबबूला हो गया और अपने मोबाइल से ड्राइवर का वीडियो बनाने लगा। उसने ताना मारते हुए कहा, “मैं पुलिस में हूं, तुम्हारे जैसे 15 हजार रुपये की नौकरी करने वाले बहुत देखे हैं।”
आईकार्ड मांगा तो छुपाने लगा चेहरा, तीन बार रोकी गई बस
हंगामा बढ़ता देख पीछे से यात्रियों की टिकट काट रहे परिचालक विनोद आगे आए। विनोद ने जब युवक से पूछा कि उसे कहां जाना है, तो उसने खुद को ‘स्टाफ’ (पुलिस विभाग) का बताते हुए गुरुग्राम जाने की बात कही।
कंडक्टर ने जब उससे नियमानुसार पुलिस आईकार्ड दिखाने को कहा, तो वह बगले झांकने लगा। भेद खुलता देख कंडक्टर विनोद ने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो बनता देख फर्जी पुलिसकर्मी बौखला गया और अपना मुंह हाथ से ढंककर कंडक्टर से मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगा।
तीन बार बस रोककर उतरने को कहा, रेवाड़ी स्टैंड पर उतरा
कंडक्टर विनोद के मुताबिक, युवक ने न तो आईकार्ड दिखाया और न ही गुरुग्राम का टिकट बनवाया। यात्रियों के समझाने के बावजूद वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बस को तीन बार रोककर उसे उतरने या टिकट लेने को कहा गया, लेकिन वह बहस करता रहा।
आखिरकार गुरुग्राम जाने का दावा करने वाला यह सिरफिरा युवक रेवाड़ी बस स्टैंड पहुंचते ही दबे पांव बस से उतरकर नौ दो ग्यारह हो गया। चालक-परिचालक का कहना है कि चलती बस में चालक का ध्यान भटकाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। इस पूरे घटनाक्रम के चलते रोडवेज बस करीब 15 से 20 मिनट की देरी से दिल्ली पहुंची।
यह भी पढ़ें– Nuh News: फिरोजपुर झिरका में शोले स्टाइल ड्रामा, नाबालिग ममेरी बहन से शादी कराने की मांग पर टावर पर चढ़ा कैफ
