Rohtak News: हरियाणा के रोहतक शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली डीएलएफ कॉलोनी इन दिनों चोरों के हौसलों के आगे बेबस नजर आ रही है। यहां कानून के रखवालों और बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के सुरक्षित समझे जाने वाले ठिकानों पर ही शातिर चोरों ने सीधे सेंध लगा दी है।
नूंह (मेवात) जिले में अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) के पद पर तैनात एक महिला आईएएस अधिकारी के डीएलएफ स्थित रिहायशी मकान में पिछले सात दिनों के भीतर एक या दो नहीं, बल्कि तीन बार बैक-टू-बैक चोरी की वारदातें अंजाम दी जा चुकी हैं। ताजा मामले में बीती रात भी चोरों ने सूने घर को खंगाला और कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो गए।
बंद पड़े मकान की रेकी कर रहे थे शातिर, नल की टोंटियां तक उखाड़ ले गए
मिली जानकारी के अनुसार, महिला आईएएस अधिकारी का परिवार लंबे समय से इस मकान में नहीं रह रहा है, जिसके चलते कोठी काफी वक्त से लॉक है।
अधिकारी ने पड़ोस में रहने वाले एक परिचित को घर की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर धावा बोल दिया। चोरों का दुस्साहस इस कदर बढ़ा हुआ है कि वे घर के भीतर रखे सामान के साथ-साथ बाथरूम और रसोई में लगी पानी की टोंटियां (नल) तक उखाड़ कर ले गए हैं।
रात 2:00 बजे दीवार फांदकर अंदर घुसे बदमाश
पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा हुआ है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि रात के करीब 2:00 बजे दो युवक दबे पांव आईएएस अधिकारी के घर की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसते हैं।
हालांकि, कॉलोनी में बिजली गुल होने और अंधेरा छा जाने के कारण चोर किस वक्त और कहां से माल समेटकर बाहर निकले, इसकी फुटेज कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी।
पड़ोसियों का सनसनीखेज दावा: बाहर खड़ी थी पुलिस, अंदर हो रही थी चोरी
इस पूरे घटनाक्रम में रोहतक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर पड़ोस की एक महिला ने बताया कि रात के वक्त जब घर के अंदर से अजीबोगरीब आवाजें आ रही थीं, तो उन्होंने बाहर झांककर देखा।
हैरान करने वाली बात यह थी कि उस समय गली में पुलिस की एक गाड़ी खड़ी थी, जिसमें दो पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस की यह गाड़ी सुबह 5:00 बजे तक वहीं मुस्तैद रही, लेकिन इसके बावजूद चोर अपना काम करके आराम से निकल गए।
इस मामले में जब नूंह में तैनात संबंधित महिला आईएएस अधिकारी से संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। वहीं, आर्य नगर थाना पुलिस का रवैया भी टालमटोल वाला रहा; मामले की प्रगति जानने के लिए जब थाना प्रभारी (SHO) से बात करने का प्रयास किया गया, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। वीआईपी के घर हुई इस सिलसिलेवार चोरी ने रोहतक की नाइट पेट्रोलिंग और सुरक्षा दावों की कलई खोलकर रख दी है।
यह भी पढ़ें– Mahendragarh News: हरियाणा के NH-148B पर बड़ा हादसा टला, डंपर को साइड देते समय बीच सड़क पलटी पिकअप


