Karnal Cyber Crime: करनाल में फोन हैक कर उड़ाए 7.22 लाख रुपये, साइबर ठगी के 3 मामलों से मचा हड़कंप
Karnal Cyber Crime: करनाल में फोन हैक कर उड़ाए 7.22 लाख रुपये, साइबर ठगी के 3 मामलों से मचा हड़कंप
Karnal Cyber Crime: करनाल जिले में ऑनलाइन जालसाजों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि बिना कोई ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा किए लोगों के फोन हैक (Mobile Hacking Fraud Karnal) कर बैंक खाते साफ किए जा रहे हैं। पहला मामला गांव ब्याना के रहने वाले पंकज कुमार का है। पंकज के मुताबिक 15 सितंबर को दोपहर करीब पौने दो बजे उनका मोबाइल अचानक हैक हो गया। इसके बाद 15 और 16 सितंबर को चार अलग-अलग यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए उनके (SBI Bank Cyber Fraud) एसबीआई खाते से कुल 1,91,878 रुपये निकाल लिए गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि पैसे कटने का कोई अलर्ट या मैसेज भी मोबाइल पर नहीं आया।
इसी तरह की एक अन्य घटना इंद्रा कॉलोनी निवासी अमित कुमार के साथ हुई। अमित का फोन 8 अगस्त को हैक हुआ था, जिसके बाद ठगों ने उनके इंडियन बैंक और एसबीआई खातों पर हमला बोला। जालसाजों ने 8 और 9 अगस्त के दौरान किस्तों में कुल 2,90,349 रुपये की राशि दूसरे खातों में ट्रांसफर कर ली। पीड़ित को जब तक भनक लगी, तब तक उनके दोनों खातों से गाढ़ी कमाई साफ हो चुकी थी।
डेबिट कार्ड के नाम पर आया फोन और खाते से उड़ गए 2.40 लाख रुपये
साइबर ठगी का तीसरा मामला निसिंग इलाके के जनक राज से जुड़ा है। जनक राज को 10 सितंबर को एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए नया डेबिट कार्ड बनाने की बात कही। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने फोन पर न तो कोई पहचान संबंधी दस्तावेज साझा किए और न ही कोई पिन या पासवर्ड बताया। इसके बावजूद कुछ ही देर में उनके एसबीआई खाते से एकमुश्त 2,40,000 रुपये काट लिए गए।
अचानक हुए इस वित्तीय नुकसान से परेशान होकर पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एक्शन मोड में आई।
पंचकूला से पहुंचीं जीरो एफआईआर, जांच में जुटी करनाल साइबर पुलिस
तीनों मामलों में पीड़ितों की प्राथमिक शिकायतों के आधार पर नोडल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन (Karnal Police FIR) पंचकूला से सीसीटीएनएस प्रणाली के जरिए करनाल के साइबर थाने को जीरो एफआईआर प्राप्त हुईं। जिसके बाद 18 सितंबर को पुलिस ने औपचारिक रूप से तीनों मामलों में अलग-अलग आपराधिक मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।
मामले की जांच संभाल रहे सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि जिन बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, (Online Fraud Haryana) उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। मोबाइल नंबरों की लोकेशन और आईपी एड्रेस की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि मोबाइल में अनजान ऐप्स डाउनलोड न करें और किसी भी अज्ञात कॉल पर सतर्क रहें।
