Narnaul: बालाजी तू जल्दी से आजा, संकट में तेरो दास पड़ो है
Narnaul: नारनौल की धार्मिक संस्था श्रीराम हनुमान गुणगान प्रचार मंडल एवं श्रीराम मेहंदीपुर बालाजी सेवा संघ द्वारा मंगलवार रात पुरानी मंडी में जलमहल के पास संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल के प्रधान आचार्य क्रांति निर्मल ने की, जबकि मंडल के संरक्षक गुरुजी सांवरमल गोयल व पंडित महेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
सर्वप्रथम पंडित जितेंद्र शर्मा ने यजमान आदित्य, मनोज व गोपाल मित्तल को परिवार सहित पूजन करवा ज्योति प्रज्ज्वलित करवाई। इसके बाद हनुमान चालीसा व रामधुन के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें पंडित महेश शर्मा, आचार्य क्रांति निर्मल, दीपक शर्मा, काशीराम पार्षद, योगेश शर्मा, राहुल शास्त्री आदि ने सुंदरकांड पाठ के दौहे चौपाइयों का अपने मधुर स्वर से गायन किया। पाठ समापन के बाद भजनों का दौर शुरू हुआ, जिसमें डॉ. ओमप्रकाश ने हमरी नगरिया चले आना बालाजी हमरी नगरिया ओ, गुरुजी सांवरमल गोयल ने बालाजी तू जल्दी से आजा संकट में तेरो दास पड़ो है सुनाकर सभी को भाव विभोर कर दिया।
वहीं आचार्य क्रांति निर्मल व मास्टर धर्मसिंह ने भी भजन व धमाल सुनाकर सभी को झूमने पर विवश कर दिया। अंत में यजमान परिवार को भगवान राम का चित्र भेंट कर मंडल द्वारा सम्मानित किया गया।
