August 1, 2026

Chandigarh Elections: नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने कसी कमर, संगठन विस्तार और जनहित पर किया मंथन

0
Chandigarh Elections: नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने कसी कमर, संगठन विस्तार और जनहित पर किया मंथन

Chandigarh Elections: आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। वीरवार को सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की की अध्यक्षता में आयोजित दो महत्वपूर्ण बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ नगर निगम की आगामी हाउस बैठक में उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों पर रणनीति तैयार की गई। बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों, ऑब्जर्वरों और पार्षदों ने भाग लिया।

पहली बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने और नगर निगम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में चंडीगढ़ कांग्रेस के सभी पांच जिला अध्यक्ष, 35 ब्लॉक अध्यक्ष और पांचों जिलों के ऑब्जर्वर मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसंपर्क अभियान चलाएं, लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं से जुड़े सुझाव रखे। इन सुझावों के आधार पर आगामी चुनावों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।

इसके बाद नगर निगम की शुक्रवार को होने वाली हाउस बैठक को लेकर कांग्रेस पार्षद दल की प्री-हाउस बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और पार्षदों को सदन में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए सुझाव दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कांग्रेस नगर निगम सदन में प्रत्येक परिवार को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी उपलब्ध कराने की मांग को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि नगर निगम सदन इस प्रस्ताव को दो बार मंजूरी दे चुका है, लेकिन प्रशासन ने अब तक इसे लागू नहीं किया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक निर्णयों और शहरवासियों की अपेक्षाओं की अनदेखी बताया।

कांग्रेस ने कहा कि वह इस मुद्दे पर पहले भी सदन के भीतर और बाहर संघर्ष करती रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रहेगा। इसके अलावा आगामी हाउस बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सीवरेज, सड़कों, पार्कों, वित्तीय पारदर्शिता और अन्य जनहित के मुद्दों को भी मजबूती से उठाया जाएगा।

बैठक के अंत में एच.एस. लक्की ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनावी सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि शहरवासियों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों की प्रभावी आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज करेगी, ताकि आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed