Yamunanagar Fraud Case: इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर सेबी लाइसेंस के नाम पर 2.45 करोड़ की ठगी; रिटायर्ड SHO की बेटी पर केस
सेबी पार्टनरशिप के झांसे में फंसा गोहाना का यूट्यूबर, 2 साल में गंवाए करोड़ों रुपये
Yamunanagar Fraud Case: शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने और सेबी (SEBI) के तहत पार्टनरशिप में बड़ा बिजनेस खड़ा करने का सपना दिखाकर एक शेयर ट्रेडर से 2 करोड़ 45 लाख रुपये ठग लिए गए। मामला यमुनानगर जिले का है, जहां गोहाना निवासी एक ट्रेडर की शिकायत पर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। हैरत की बात यह है कि इस हाई-प्रोफाइल ठगी का आरोप हरियाणा पुलिस के ही एक सेवानिवृत्त थाना प्रभारी (SHO) की बेटी पर लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सेबी लाइसेंस और 50-50% पार्टनरशिप का दिया था झांसा
सोनीपत जिले के गोहाना निवासी पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह साल 2020-21 से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा है और यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों को ट्रेडिंग के गुण भी सिखाता है। फरवरी 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान यमुनानगर की रहने वाली महिला से हुई। महिला ने उस वक्त खुद को एक नामी इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत बताया और शेयर मार्केट सीखने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे उसने ट्रेडर को भरोसे में लिया और प्रस्ताव रखा कि वह सेबी से ‘रिसर्च एनालिस्ट’ का लाइसेंस ले लेगी, जिसके बाद दोनों मिलकर 50-50 फीसदी की पार्टनरशिप में नया ऑफिस खोलेंगे।
पिता की मौजूदगी में बनी बात, फिर शुरू हुआ उगाही का खेल
पीड़ित का आरोप है कि इस सिलसिले में उनकी कई मुलाकातें हुईं। एक बैठक में महिला के रिटायर्ड एसएचओ पिता भी मौजूद थे, जिनकी सहमति के बाद साझेदारी पक्की मानी गई। सेबी से कागजात मिलने का दावा करते हुए महिला ने नौकरी छोड़ दी और यमुनानगर में भव्य ऑफिस खोलने की योजना दिखाई। इसके बाद उसने कभी प्लॉट की किस्त, कभी इंश्योरेंस प्रीमियम, कभी नई गाड़ी खरीदने तो कभी रिश्तेदारों की बीमारी का बहाना बनाकर ट्रेडर से पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
मार्च 2023 से मार्च 2025 के बीच पीड़ित ने महिला के अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 2.10 करोड़ रुपये ऑनलाइन भेजे, जबकि 35 लाख रुपये नकद दिए। इसके अलावा उसने अपनी 9 लाख रुपये की कार भी महिला को दी, जिसके पैसे उसे आज तक नहीं मिले।
यह भी पढ़ें– कैथल में तड़के 2 बजे पुलिस और चिट्टा तस्करों में मुठभेड़, पैर में गोली लगने से बदमाश घायल
