Nilokheri News: नीलोखेड़ी (महाबीर मैहला) नीलोखेड़ी क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक चेहरे चौधरी धीरज खरकाली को जिला परिषद करनाल के चेयरपर्सन प्रतिनिधि की नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इसी कड़ी में बाबा हरिदास श्री कृष्ण गोपाल गौशाला, बोहला खालसा की प्रबंध समिति ने वरिष्ठ भाजपा नेता और गौशाला चेयरमैन चौधरी कर्म सिंह जाम्बा की अगवाई में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर धीरज खरकाली का अभिनंदन किया। गौशाला पदाधिकारियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता, स्मृति चिन्ह और मिठाई खिलाकर नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सामाजिक समर्पण और जनसेवा की बदौलत मिली जिम्मेदारी: जाम्बा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच एवं गौशाला चेयरमैन चौधरी कर्म सिंह जाम्बा ने कहा कि चौधरी धीरज खरकाली को जिला परिषद में मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उनके वर्षों के सामाजिक समर्पण, जमीनी जुड़ाव और निष्ठा का प्रतिफल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे अपनी कार्यशैली से नीलोखेड़ी और पूरे करनाल जिले के विकास कार्यों को एक नई दिशा और रफ्तार देंगे। वहीं गौशाला प्रधान लाला सुन्दर लाल गुप्ता ने कहा कि ऐसे कर्मठ नेतृत्व से समाज के सभी वर्गों को समान विकास की उम्मीद बंधी है।
गौसेवा और समाजहित मेरी पहली प्राथमिकता: धीरज खरकाली
अपनी अगवानी और मिले सम्मान से गद्गद चौधरी धीरज खरकाली ने गौशाला परिवार का दिल की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और संस्थाओं से मिलने वाला यह आशीर्वाद उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने की जिम्मेदारी की याद दिलाता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला परिषद के माध्यम से गांव-देहात के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
गौशाला आने का निमंत्रण सहर्ष किया स्वीकार
इस मौके पर गौशाला प्रबंध समिति की ओर से धीरज खरकाली को बोहला खालसा स्थित गौशाला परिसर में पधारने का न्योता दिया गया। इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि गौसेवा और बेसहारा पशुओं का संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति का अहम हिस्सा है। वे जल्द ही गौशाला पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में अपना हर संभव सहयोग देंगे।
इस अवसर पर उपप्रधान जगदीश सांवत, करेशन मैहला, सूरजभान मोहड़ी, बलवान मैहला, जसमेर, जगदीश भूखापुरी और रामचंद्र शर्मा समेत दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें– मोहाली के ट्रेवल एजेंट की करतूत: कैथल के गुरमीत को थमाया फर्जी वीजा, पुलिस जांच में जुटी

