Railway Station Viral: ‘यह जापान नहीं, भारत है!’ केरल के कासरगोड रेलवे स्टेशन की सफाई देख हैरान रह गया ट्रैवलर, देखें वीडियो

'यह जापान नहीं, भारत है!' केरल के कासरगोड रेलवे स्टेशन की सफाई देख हैरान रह गया ट्रैवलर, देखें वीडियो
Railway Station Viral: भारतीय रेलवे स्टेशनों की बदलती तस्वीर का एक अद्भुत उदाहरण इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब धूम मचा रहा है। केरल के कासरगोड रेलवे स्टेशन का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी सफाई और व्यवस्था देखकर लोग दांतों तले उंगली दबा रहे हैं। हालत यह है कि वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स इस छोटे से स्टेशन की तुलना सीधे जापान जैसे विकसित देशों की रेलवे प्रणाली से कर रहे हैं।
‘यह जापान नहीं, केरल है!’ – पंजाबी ब्लॉगर भी रह गया हैरान
इंस्टाग्राम पर ‘बैकपैकर अनमोल’ (@backpacker_anmol) नाम से ट्रैवल ब्लॉग चलाने वाले एक पंजाबी यात्री जब कासरगोड स्टेशन पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर वे दंग रह गए। अपने वीडियो में अनमोल कहते नजर आते हैं, “यह जापान नहीं, बल्कि भारत का केरल राज्य है!” उन्होंने कहा कि बचपन से ही उन्होंने केरल की उच्च साक्षरता और तरक्की के बारे में सुना था, लेकिन अपनी आंखों से स्टेशन का ऐसा रखरखाव और अनुशासन पहली बार देखा है। अनमोल के मुताबिक, उन्होंने अपने सफर में भारत का इतना स्वच्छ रेलवे स्टेशन आज तक नहीं देखा।
मसाज चेयर से लेकर चमचमाती पटरियां, एयरपोर्ट जैसा अहसास
वीडियो में दिख रहा है कि प्लेटफॉर्म से लेकर पटरियों तक पर कहीं भी धूल या प्लास्टिक का एक टुकड़ा तक नजर नहीं आ रहा है। यात्री भी बेहद अनुशासित तरीके से कतार में अपनी ट्रेन का इंतजार करते दिख रहे हैं। सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सहूलियत के लिए यहां एक प्रीमियम वेटिंग लाउंज और थकान मिटाने के लिए मसाज कुर्सियां भी लगाई गई हैं। यह पूरा माहौल किसी बड़े आधुनिक एयरपोर्ट का अहसास कराता है।
लाखों व्यूज और कमेंट्स की बौछार, स्थानीय निवासियों ने जताया आभार
View this post on Instagram
इंटरनेट पर आते ही इस वीडियो को 8 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं और इस पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक स्थानीय नागरिक ने कमेंट करते हुए लिखा, “अपने शहर और स्टेशन को ऐसा सम्मान मिलते देख दिल से खुशी हो रही है।” वहीं दूसरे यूजर ने ट्रैवलर का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा, “धन्यवाद पाजी! कासरगोड सात भाषाओं की भूमि है और यहां बेकल किला जैसी कई खूबसूरत जगहें हैं, हमारे शहर को यह पहचान देने के लिए शुक्रिया।”
