Yamunanagar News: यमुनानगर जिले में फतेहपुर पुल के पास गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब यमुना नहर के किनारे एक पेड़ से फंदे पर लटकता हुआ युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान फतेहपुर निवासी 38 वर्षीय पुनीत के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था. घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों का हुजूम मौके पर एकत्र हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की.
प्राथमिक तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. वहीं, घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों ने सीधा आरोप लगाया है कि पुनीत ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी साजिश के तहत हत्या की गई है और फिर मामले को दूसरा मोड़ देने के लिए शव को पेड़ से फंदे पर लटकाया गया है.
‘मुझे शराब पिलाई है, मार देंगे’ — आखिरी फोन कॉल ने बढ़ाए सवाल
मृतक के पिता शेर सिंह ने रुंधे गले से बताया कि पुनीत उनका छोटा बेटा था. गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वह घर से निकला था. घर से जाने के कुछ ही देर बाद दोपहर में पुनीत ने अपने बड़े भाई को फोन किया. उस कॉल में पुनीत की आवाज में घबराहट और खौफ साफ झलक रहा था.
पिता शेर सिंह के मुताबिक, पुनीत ने फोन पर अपने भाई से कहा कि कुछ लोगों ने उसे जबरन शराब पिलाई है और वे उसे मार डालेंगे. जब भाई ने घबराकर उससे पूछा कि वह इस वक्त कहां है, तो पुनीत ने बस इतना कहा कि वह ‘यमुना पर’ है. भाई ने उसे तुरंत वहां से निकलकर घर लौटने की हिदायत दी, लेकिन इससे पहले कि बात आगे बढ़ती, फोन कट गया. इसके बाद से ही परिजन अनहोनी की आशंका से कांप रहे थे और जब वे तलाश में निकले, तो नहर किनारे पेड़ से उसकी लाश लटकती मिली.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की जांच
मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ‘डायल 112’ टीम के कर्मचारी प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्हें जंगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी. टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और स्थानीय थाना पुलिस को सूचित किया. मौके से कोई लिखित नोट या अन्य संदिग्ध दस्तावेज नहीं मिला है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है. स्थानीय थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों के बयानों और आखिरी कॉल डिटेल के आधार पर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है. मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा.
यह भी पढ़ें– हरियाणा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 आईपीएस और एचपीएस अफसरों के तबादले

