Ambala News: अंबाला के साहा में सिलेंडर लीकेज से भीषण आग, कमरे में सो रहे 4 युवक गंभीर रूप से झुलसे
अंबाला के साहा में सिलेंडर लीकेज से भीषण आग
Ambala News: अंबाला जिले के साहा इलाके में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मकान के कमरे में एलपीजी सिलेंडर से हुए अचानक रिसाव के बाद जोरदार आग लग गई। कमरे में उस वक्त चार युवक गहरी नींद में सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि युवकों को संभलने या बाहर भागने का मौका ही नहीं मिला। इस हादसे में चारों युवक आग की लपटों में घिरकर गंभीर रूप से झुलस गए।
पड़ोसियों ने दिखाई तत्परता, मसीहा बनकर बचाई जान
हादसे में झुलसे युवकों की पहचान कुलदीप, अनुज, प्रदीप और सत्यम यादव के रूप में हुई है। देर रात कमरे से आ रही चीख-पुकार और मदद की गुहार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। स्थानीय निवासियों ने बिना एक पल गंवाए राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पड़ोसियों ने तुरंत सभी झुलसे हुए युवकों को बाहर निकाला और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
PGI चंडीगढ़ रेफर, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों युवकों की गंभीर और चिंताजनक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। शुरुआती तफ्तीश के मुताबिक हादसा सिलेंडर में लीकेज या किसी तकनीकी खराबी की वजह से होना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें– नीलोखेड़ी के सरकारी स्कूल में रोड़ समाज सद्भावना कमेटी की पहल, पौधारोपण के साथ बांटी लेखन सामग्री
