August 5, 2026

Karnal News: इंस्टाग्राम वाले ‘प्यार’ का दर्दनाक अंत, विधवा से शादी के नाम पर रेप और जबरन कराया गर्भपात

0
Karnal News: इंस्टाग्राम वाले 'प्यार' का दर्दनाक अंत, विधवा से शादी के नाम पर रेप और जबरन कराया गर्भपात

शादी का भरोसा दिलाकर लिव-इन में रखा, फिर गर्भपात कराकर दी जान से मारने की धमकी

Karnal News: हरियाणा के करनाल शहर में साइबर स्पेस के जरिए रिश्तों में धोखेबाज़ी और महिला उत्पीड़न का एक खौफनाक मामला उजागर हुआ है। रामनगर थाना इलाके की रहने वाली एक विधवा महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, जबरन गर्भपात कराने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने सोशल मीडिया के जरिए अपनी जिंदगी में दोबारा खुशियां लाने का भरोसा किया था।

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, पीड़ित महिला के पति की वर्ष 2024 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह अपनी महज साढ़े तीन साल की मासूम बेटी के साथ अकेले रहकर गुजर-बसर कर रही थी। जुलाई 2025 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान रजत नाम के एक युवक से हुई। बातचीत के दौरान रजत ने महिला का भरोसा जीता और उससे शादी करने का वादा कर डाला। धीरे-धीरे नजदीकियां इतनी बढ़ीं कि आरोपी महिला के घर में आकर साथ रहने लगा।

लिव-इन के दौरान किया शोषण, दवा खिलाकर गिराया गर्भ

घर में साथ रहने के दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान महिला गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी रजत पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसका असली चेहरा सामने आ गया। आरोपी ने धोखे से दवा खिलाकर उसका तीन महीने का गर्भ गिरा दिया।

जबरन गर्भपात कराने के बाद जब महिला ने अपने हक के लिए आवाज उठाई और तुरंत शादी करने की जिद पकड़ी, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता को मुंह बंद रखने और पुलिस में न जाने की एवज में जान से मारने की धमकियां दीं। करीब एक महीने पहले आरोपी महिला को असहाय छोड़कर मौका पाकर फरार हो गया।

रामनगर थाने में एफआईआर दर्ज, आरोपी की तलाश में दबिश

आरोपी के भाग जाने और धमकियों से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और पूरी आपबीती रामनगर थाना पुलिस को बताई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों और मेडिकल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने और आपराधिक धमकी देने की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच का जिम्मा महिला सहायक उप-निरीक्षक (LASI) कविता को सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और बयानों की समीक्षा की जा रही है। फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें–  जींद में ट्रेन के अंदर यात्री की गला दबाकर हत्या, नशेड़ी आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed