August 8, 2026

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में एडवोकेट के घर 3.15 करोड़ की डकैती का खुलासा, बदमाश बोला ‘कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराया, अब अपनी जान बचाने आया हूं’

0
Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में एडवोकेट के घर 3.15 करोड़ की डकैती का खुलासा, बदमाश बोला 'कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराया, अब अपनी जान बचाने आया हूं'

कुरुक्षेत्र में एडवोकेट के घर 3.15 करोड़ की डकैती का खुलासा, बदमाश बोला 'कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराया, अब अपनी जान बचाने आया हूं'

Kurukshetra News: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक जाने-माने एडवोकेट के घर हुई 3.15 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने न केवल एडवोकेट और उनकी पत्नी को गन पॉइंट पर बंधक बनाकर लूटपाट की, बल्कि वारदात के दौरान एक बदमाश पीड़ित वकील से लगातार बातें भी करता रहा। आरोपी ने खुद खुलासा किया कि कुछ महीने पहले इसी घर में हुई 50 लाख की चोरी के पीछे भी उसी का हाथ था और उन पैसों से उसने अपनी कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराया था।

तिजोरी तक ले जाते समय बोली ‘अजीब’ दलीलें: ‘पुण्य आपको ही मिलेगा’

पीड़ित एडवोकेट बलवंत सिंह वालिया के मुताबिक, 6 अगस्त की रात करीब 10 बजे जब वह अपने कुत्ते को टहलाकर घर लौटे, तो अंदर तीन-चार बदमाश मौजूद थे जिन्होंने उनकी पत्नी सुषमा वालिया के हाथ-पैर बांध रखे थे। विरोध करने पर बदमाशों ने वालिया पर पिस्टल तान दी। डिजिटल लॉकर और तिजोरी खुलवाने के दौरान मुख्य बदमाश ने बड़ी बेबाकी से कहा कि 20 मार्च को इसी घर से चुराए गए 50 लाख रुपये में से 20 लाख रुपये उसकी मां के कैंसर के इलाज में लगे थे। बदमाश ने एडवोकेट से कहा कि उन पैसों से एक जान बची है, इसलिए इस ‘पुण्य’ का फल एडवोकेट को ही मिलेगा।

‘भाऊ गैंग मांग रही रंगदारी, पैसे नहीं दिए तो मार देंगे’

जब वकील ने उससे दोबारा डकैती डालने की वजह पूछी, तो बदमाश ने बताया कि इस बार वह कोई शौक के लिए नहीं बल्कि अपनी जान बचाने के लिए आया है। उसने दावा किया कि कुख्यात ‘भाऊ गैंग’ और एक अन्य आपराधिक गिरोह उसके पीछे पड़े हैं और उससे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। बदमाश ने एडवोकेट से कहा, “हमें पता है आपके पास काफी पैसा है, जरूरत पड़ी तो फिर आएंगे। अगर पुलिस को बताया तो गोली मार देंगे।” जाते समय आरोपी घर में लगा डीवीआर, परिजनों के मोबाइल फोन और 30 जिंदा कारतूस भी समेट ले गए।

20 लाख कैश, किलो के हिसाब से सोना-चांदी गायब; सुरक्षा में गनमैन तैनात

शहर थाना पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, बदमाश घर की तिजोरी से करीब 17 से 20 लाख रुपये नकद, 1.5 से 2 किलो सोने के आभूषण और 4 किलो चांदी के जेवरात लूटकर फरार हुए हैं। कुल संपत्ति की कीमत करीब 3.15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और एडवोकेट वालिया की सुरक्षा के लिए एक सरकारी गनमैन तैनात कर दिया है।

यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में दिग्विजय चौटाला का एडमिशन, जिस विभाग से पिता बने ‘डॉक्टर’, वहीं से करेंगे MA

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed