August 8, 2026

Punjab News: मलेरकोटला में कांग्रेस नेताओं के समर्थक भिड़े, नारेबाजी की, पूर्व MLA जस्सी को स्टेज पर चढ़ने से रोका

0
Punjab News: मलेरकोटला में कांग्रेस नेताओं के समर्थक भिड़े, नारेबाजी की, पूर्व MLA जस्सी को स्टेज पर चढ़ने से रोका

मलेरकोटला में कांग्रेस नेताओं के समर्थक भिड़े

Punjab News: पंजाब के मलेरकोटला में कांग्रेस के ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के आखिरी दिन पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व MLA जसवीर सिंह जस्सी के स्टेज पर चढ़ने को लेकर उनके समर्थकों और रजिया सुल्ताना के पक्ष के कांग्रेस नेताओं में तनातनी हो गई। रजिया गुट के नेताओं ने जस्सी को स्टेज पर जाने से रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी।

माहौल गर्म होता देख पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग स्टेज से नीचे आ गए और वहीं से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। खबर लिखे जाने तक राजा वड़िंग स्टेज के नीचे ही बैठे थे। कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल भी शामिल हैं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

 

जस्सी के स्टेज पर चढ़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद

कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व MLA जसवीर सिंह जस्सी स्टेज पर चढ़ने लगे। इसी दौरान रजिया सुल्ताना के पक्ष के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। विवाद बढ़ता देख पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा।

 

राजा वड़िंग स्टेज से नीचे आए

माहौल को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग स्टेज से नीचे आ गए। उन्होंने वहीं से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मलेरकोटला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहले से अलग-अलग गुट सक्रिय बताए जा रहे हैं। ऐसे में अभियान के कार्यक्रम में नेताओं के समर्थकों के आमने-सामने आने से पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सामने आई।

 

खन्ना में चन्नी गुट के समर्थकों ने लगाए होर्डिंग

इसी अभियान के तहत खन्ना में भी कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं के समर्थकों की सक्रियता दिखाई दे रही है। यहां चन्नी गुट के समर्थकों ने बड़े स्तर पर होर्डिंग लगाए हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठक में शामिल होने की अपील की है। ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के तहत पिछले नौ दिनों में पंजाब के विभिन्न जिलों में बैठकें आयोजित की गई हैं। अब इन बैठकों की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

 

चंडीगढ़ में समीक्षा बैठक, दिल्ली में केसी वेणुगोपाल को रिपोर्ट

खन्ना में कार्यक्रम पूरा होने के बाद भूपेश बघेल और राजा वड़िंग चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। चंडीगढ़ पहुंचने के बाद दोनों नेता रात में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पिछले नौ दिनों के दौरान हुई बैठकों की समीक्षा की जाएगी और रिपोर्ट तैयार होगी। दोनों नेता यह रिपोर्ट अगले दिन दिल्ली में केसी वेणुगोपाल के सामने पेश करेंगे।

 

दूसरे चरण में दोआबा के जिलों में होंगी बैठकें

पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने बताया कि ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ अभियान के पहले चरण में मालवा के जिलों में बैठकें आयोजित की गई हैं। खन्ना में होने वाले कार्यक्रम के साथ मालवा के सभी जिलों में बैठकों का पहला चरण पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में दोआबा के जिलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। नवांशहर में एक कार्यक्रम हो चुका है और जल्द ही दोआबा के दूसरे जिलों में भी बैठकें शुरू की जाएंगी।

 

इसके बाद विधानसभा स्तर पर भी बैठकें होंगी

भूपेश बघेल के अनुसार, फिलहाल अभियान के तहत जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जा रही हैं। दोआबा और माझा में बैठकों के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भी इसी तरह की बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार नई रणनीति के साथ पंजाब में चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी। ऐसे में जिला स्तर की बैठकों के दौरान सामने आ रही गुटबाजी और संगठन की जमीनी स्थिति पार्टी की आगे की रणनीति के लिए अहम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed