Hisar News: जीवन कुंडू हत्याकांड में खाप के अल्टीमेटम के अंतिम दिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

जीवन कुंडू हत्याकांड में खाप के अल्टीमेटम के अंतिम दिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार
Hisar News: हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में हिसार पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो और मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खाप पंचायतों और विभिन्न किसान यूनियनों द्वारा पुलिस प्रशासन को दिए गए 13 अगस्त के अल्टीमेटम की मियाद पूरी होने के ठीक आखिरी दिन पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने मुख्य हमलावर भाटला गांव निवासी गजेंद्र उर्फ गजू पंडित और उसके साथी सिंघवा राघो निवासी साहिल को काबू में ले लिया है। हालांकि, सुरक्षा कारणों और जांच की गोपनीयता का हवाला देते हुए पुलिस ने अभी इस बात का खुलासा नहीं किया है कि दोनों को किस जगह से गिरफ्तार किया गया है।
मुख्य आरोपी रमेश शर्मा पर 50 हजार का इनाम, लुकआउट सर्कुलर जारी
मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी सूर्य नगर निवासी रमेश शर्मा अभी भी कानून की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी के सीधे मार्गदर्शन में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जो हरियाणा के अलावा पड़ोसी राज्यों में भी लगातार छापेमारी कर रही हैं। आरोपियों के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए सभी वांछितों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें।
पीड़ित परिवार को मिली कड़ी सुरक्षा और पुनर्वास का आश्वासन
पुलिस प्रशासन ने पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी है। परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें व्यक्तिगत गनमैन मुहैया कराए गए हैं, वहीं उनके आवास पर भी पुलिस का कड़ा पहरा तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा पीड़ित परिवार के सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
