Gurugram News: पति की मौत के सदमे में डूबी महिला, गुरुग्राम की धनकोट नहर में मिला 3 दिन से लापता मोनम का शव

पति की मौत के सदमे में डूबी महिला
Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बहने वाली धनकोट नहर से बुधवार को एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान देवीलाल कॉलोनी की रहने वाली मोनम के रूप में हुई है, जो बीते 10 अगस्त से संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर से लापता थी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोनम की शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उसका दांपत्य जीवन सामान्य चल रहा था। हालांकि, करीब आठ महीने पहले राजीव नगर स्थित मकान की छत से गिरकर उसके पति की अचानक मौत हो गई थी। इस असमयिक हादसे ने मोनम को तोड़कर रख दिया था। पति को खोने के गम में वह गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई थी और उसका इलाज भी चल रहा था।
10 अगस्त से थी लापता, परिजनों ने दर्ज कराई थी शिकायत
परिजनों के अनुसार, 10 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे मोनम बिना किसी को बताए घर से अचानक कहीं निकल गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी काफी तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने न्यू कॉलोनी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
दुर्भाग्यवश, तलाश के दौरान ही धनकोट नहर के पास से गुजर रहे राहगीरों की नजर पानी में बहते हुए शव पर पड़ी। पानी में लंबे समय तक रहने के कारण शव काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि घर से निकलने के कुछ समय बाद ही यह दुखद हादसा हो गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस और पीसीआर की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालकर परिजनों से शिनाख्त कराई गई। पुलिस ने शव की स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत पोस्टमार्टम के लिए एसजीटी (SGT) अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला ने मानसिक तनाव में आकर नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी की है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश या हादसा है, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल न्यू कॉलोनी और राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस संयुक्त रूप से परिजनों के बयान दर्ज कर मामले के हर पहलू की गहराई से छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- ‘सॉरी’ बोलने पर भी नहीं माने बदमाश, गुरुग्राम में 19 साल के ऑटो चालक की डंडों से बेरहमी से पिटाई
