Sonipat News: सोनीपत में ACB का बड़ा छापा, बिजली विभाग का क्लर्क 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

सोनीपत में ACB का बड़ा छापा, बिजली विभाग का क्लर्क 15 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Sonipat News: सोनीपत जिले के खरखौदा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने बिजली विभाग के एक क्लर्क को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। नया बिजली मीटर लगाने के नाम पर सरकारी बाबू खुलेआम रुपयों की मांग कर रहा था। पीड़ित की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए भिवानी एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत के रुपये हाथ में थामे, वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।
दुकान पर मीटर लगाने का सौदा, 10 हजार पहले ही ऐंठ चुका था
जानकारी के अनुसार खरखौदा निवासी कुलवंत ने अपनी दुकान-सह-कार्यालय के लिए बिजली के नए मीटर का आवेदन किया था। आरोप है कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के क्लर्क प्रतीक ने काम करने के एवज में सीधे 30 हजार रुपये की मांग रख दी। काफी मिन्नत-मिन्नत के बाद सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ। पीड़ित कुलवंत आरोपी क्लर्क को 10 हजार रुपये की पहली किश्त पहले ही दे चुका था, लेकिन क्लर्क बाकी के 15 हजार रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
भिवानी ACB ने बिछाया जाल, रिश्वत लेते ही बोला धावा
बार-बार की मांग से तंग आकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एसीबी भिवानी को दी। मामले की सत्यता जांचने के बाद एसीबी के इंस्पेक्टर जगजीत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता जैसे ही खरखौदा स्थित दफ्तर में क्लर्क प्रतीक को केमिकल लगे 15 हजार रुपये देने पहुंचा, घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। हाथ धुलवाते ही नोटों पर लगा रसायन रंग दिखाने लगा, जिसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने के सख्त निर्देश
विजिलेंस के आला अधिकारियों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में आम जनता को परेशान करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सोनीपत क्षेत्र में विजिलेंस प्रशासन पहले ही साफ कर चुका है कि किसी भी स्तर पर रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल आरोपी क्लर्क के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम
