Hisar News: हिसार में DTP का बड़ा एक्शन, रायपुर रोड पर 5 एकड़ में बन रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर

हिसार में DTP का बड़ा एक्शन, रायपुर रोड पर 5 एकड़ में बन रही अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर
Hisar News: हिसार में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति बसाई जा रही कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग का सख्त रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने रायपुर रोड स्थित गांव रायपुर के राजस्व क्षेत्र में विकसित की जा रही करीब पांच एकड़ क्षेत्रफल की अनधिकृत कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की है। भू-माफिया द्वारा बिना प्रशासनिक अनुमति के काटी जा रही इस कॉलोनी में किए गए अवैध निर्माणों को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस बल की मौजूदगी में चला पीला पंजा, कच्ची सड़कें और चहारदीवारी जमींदोज
तोड़फोड़ की यह पूरी कार्रवाई हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, हिसार की पुलिस टीम के कड़े पहरे में अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। डीटीपी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी में तैयार किए गए कच्ची सड़कों के पूरे नेटवर्क को उखाड़ फेंका। इसके साथ ही भू-माफियाओं द्वारा भूखंडों की निशानदेही और कब्जे के लिए बनाई गई प्री-कास्ट सीमेंट की दो बड़ी चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) को भी ध्वस्त कर दिया गया।
बिना अनुमति बांटे जा रहे थे प्लॉट, विभाग ने रोका अवैध निर्माण
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित जमीन पर बिना किसी मंजूर ले-आउट प्लान और बिना लाइसेंस के अवैध रूप से प्लॉट काटकर विकास कार्य कराए जा रहे थे। भू-माफिया आम जनता को गुमराह कर वहां प्लॉट बेचने की फिराक में थे। जैसे ही विभाग को इस अनधिकृत निर्माण की सूचना मिली, तुरंत कार्रवाई की योजना तैयार की गई और मौके पर पहुंचकर निर्माणाधीन ढांचे को ढहा दिया गया, ताकि भविष्य में भोले-भाले लोग अपने गाढ़े पसीने की कमाई यहां न फंसाएं।
‘बिना जांचे न खरीदें जमीन’ – DTP दिनेश सिंह की आमजन से अपील
मामले की जानकारी देते हुए जिला नगर योजनाकार (DTP) दिनेश सिंह ने आम जनता से पुरजोर अपील की है कि वे ऐसी अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से पूरी तरह बचें। उन्होंने कहा, “बिना मंजूरी काटी जा रही कॉलोनियों में जमीन खरीदना और निर्माण करना भविष्य में भारी नुकसान का सबब बन सकता है। किसी भी कॉलोनी में प्लॉट या जमीन का सौदा करने से पहले संबंधित विभाग से उसकी वैधता और स्वीकृतियों की जांच अवश्य कर लें, अन्यथा अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम
