Ambala News: अंबाला में ‘शोले’ स्टाइल ड्रामा, 3 बच्चों की मां चढ़ी टावर पर, बोली- प्रेमी के साथ ही रहूंगी

अंबाला में 'शोले' स्टाइल ड्रामा, 3 बच्चों की मां चढ़ी टावर पर, बोली- प्रेमी के साथ ही रहूंगी
Ambala News: हरियाणा के अंबाला जिले के मंडौर गांव में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 32 वर्षीय विवाहिता पूनम अचानक गांव में स्थित करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला अपने साथ मोबाइल फोन भी ले गई थी। टावर की ऊंचाई पर महिला को देखकर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों का मजमा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए महिला से बातचीत शुरू की और करीब डेढ़ घंटे के लंबे प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारकर पुलिस थाने पहुंचाया।
पति सो रहा था घर पर, बाहर जुटी थी भीड़
पूनम के पति सुनील ने बताया कि वह दोपहर में घर पर सो रहा था। वह टेनिस एकेडमी में बतौर कोच काम करता है और रात में कूरियर कंपनी में भी ड्यूटी देता है। सुनील के मुताबिक, जब वह नींद से जागकर एकेडमी जाने के लिए बाहर निकला, तो घर के बाहर भारी भीड़ जुटी हुई थी। पूछताछ करने पर पता चला कि उसकी पत्नी घर से उसका मोबाइल फोन लेकर 100 फीट ऊंचे टावर पर जा चढ़ी है। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचित किया गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ था विवाद, 12 साल पुरानी शादी पर संकट
पुलिस पूछताछ में इस हाईवोल्टेज ड्रामे के पीछे की वजह पारिवारिक विवाद और कथित प्रेम प्रसंग निकलकर सामने आई। पूनम ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट कहा कि उसका मुकेश नाम के व्यक्ति के साथ अफेयर चल रहा है और वह उसी के साथ रहना चाहती है। उसने पति सुनील पर मारपीट का आरोप भी लगाया। दूसरी तरफ, सुनील ने बताया कि 12 साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनके तीन छोटे बच्चे (11 साल की बेटी, 8 साल का बेटा और 4 साल की छोटी बेटी) हैं। सुनील का कहना है कि पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से अफेयर है, जिसको लेकर उसने डांटा था। हालांकि, पति अब भी पत्नी को अपने साथ ही रखने की बात कह रहा है।
पुलिस कर रही दोनों पक्षों से पूछताछ
फिलहाल पुलिस ने महिला को सुरक्षित हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एक तरफ जहां पति अपने तीन बच्चों के भविष्य का हवाला देकर पत्नी को साथ रखने पर अड़ा है, वहीं महिला प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर कानूनी व पारिवारिक काउंसलिंग के जरिए मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें– 2017 के कोटड़ा पुलिस हमला केस में बड़ा फैसला, सभी 27 आरोपी बरी
