Panchkula News: पंचकूला में घग्गर नदी में मिला नवजात का शव, सेक्टर-21 छठ घाट पर मची सनसनी, फॉरेंसिक जांच जारी

पंचकूला में घग्गर नदी में मिला नवजात का शव, सेक्टर-21 छठ घाट पर मची सनसनी, फॉरेंसिक जांच जारी
Panchkula News: पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित ऐतिहासिक छठ पूजा घाट के पास घग्गर नदी का किनारा शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना का गवाह बना। नदी के पानी में बहकर किनारे की ओर आए एक नवजात शिशु के शव को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के कदम ठिठक गए। पानी में नवजात का शव तैरता देख मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। अनहोनी की आशंका के बीच लोगों ने बिना देर किए तुरंत आपातकालीन सेवा ‘डायल 112’ पर पुलिस को इसकी जानकारी दी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, 4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा शव
कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही सेक्टर-25 पुलिस चौकी के इंचार्ज रामू स्वामी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स (FSL) की विशेष टीम को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव का बारीकी से निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी के मुताबिक, शुरुआती फॉरेंसिक जांच में नवजात का शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना लग रहा है, जो पानी में रहने के कारण काफी फूल चुका था।
किसने की यह अमानवीय करतूत? पुलिस खंगाल रही अस्पतालों का रिकॉर्ड
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इस मासूम को नदी में फेंकने की बेदर्दी किसने की और शव पानी के बहाव के साथ कहां से बहकर आया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घग्गर नदी के ऊपरी तटीय इलाकों के अलावा पंचकूला, जीरकपुर और आसपास के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और प्रसूति गृहों से पिछले कुछ दिनों में हुए जन्म का डेटा एकत्र किया जा रहा है, ताकि मामले का सुराग लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें– Sonipat News: ACB की रेड की भनक लगते ही एसआई ने छत से लगाई छलांग, दोनों पैर टूटे
