August 24, 2026

पुलिस ने नाबालिग बच्ची को मात्र 15 घंटे में सुरक्षित परिजनों से मिलाया

0
Oplus_16908322

Oplus_16908322

Narnaul Police News:

महिला थाना नारनौल की टीम ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हुड्डा सेक्टर, नारनौल क्षेत्र में अकेली घूम रही एक नाबालिग बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आवश्यक पूछताछ एवं प्रयासों के बाद उसके माता-पिता का पता लगाकर उसे सकुशल उनके हवाले कर दिया।
दिनांक 22 अगस्त 2026 को कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग बच्ची हुड्डा सेक्टर, नारनौल में अकेली घूम रही है। सूचना प्राप्त होते ही महिला थाना नारनौल की टीम तुरंत कार्रवाई करते हुए रात करीब 8:30 बजे हुड्डा सेक्टर, नारनौल पहुंची। पुलिस टीम ने बच्ची से बातचीत कर उसका नाम व अन्य जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन बच्ची अपने पिता का नाम एवं अपने घर का पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी।
महिला थाना की टीम ने बच्ची के संबंध में आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन तत्काल उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। बच्ची की सुरक्षा एवं देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे सुरक्षित रूप से वन स्टॉप सेंटर, नारनौल में रखा गया।
इसके बाद महिला थाना नारनौल की टीम ने बच्ची के माता-पिता एवं परिजनों का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए। बच्ची से पुनः बातचीत एवं पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद उसके माता-पिता के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई और उन्हें पुलिस द्वारा सूचना देकर बुलाया गया।
थाना पहुंचने पर बच्ची की माता ने बताया कि घर पर डांटने के बाद उनकी बेटी शाम के समय बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका। बाद में पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर वे थाना पहुंचे और अपनी बेटी से मिलकर उसकी कुशलक्षेम जानी।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत पुलिस ने 23 अगस्त को सुबह करीब 11:00 बजे नाबालिग बच्ची को सुरक्षित एवं सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया। परिजनों ने बच्ची को सुरक्षित खोजकर उनके सुपुर्द करने पर महिला थाना नारनौल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed