August 24, 2026

जनता की सेवा सर्वोपरि, सभी जनप्रतिनिधि व अधिकारी जनता के सेवक: विपुल गोयल

0
Nnl 5

Narnaul News: राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी जनता के सेवक हैं और हम सबका यह निरंतर प्रयास होना चाहिए कि नागरिकों की प्रत्येक समस्या का समाधान एक निश्चित समय सीमा में किया जाए। श्री गोयल सोमवार को स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबोधित कर रहे थे। बैठक में पहले से निर्धारित 10 परिवादों की गहनता से सुनवाई की गई। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मौके पर उपायुक्त अनुपमा अंजली तथा पुलिस अधीक्षक दीपक ने राजस्व मंत्री का बुके देकर स्वागत किया।
बैठक के दौरान मालड़ा सराय व मालड़ा बास में जलभराव की समस्या पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर तकनीकी व्यवहार्यता की जांच करें, ताकि संबंधित विभाग इस कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सके। हुड्डा सेक्टर 1 नारनौल में पार्कों की मरम्मत और बेसहारा पशुओं की रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। कनीना की पीपला वाली बणी में दूषित पानी के संबंध में अधिकारियों ने समिति को अवगत कराया कि गांव में 7 एकड़ क्षेत्र में तालाब का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर जारी हो चुके हैं और इससे समस्या का स्थायी समाधान होगा।
डोहर कलां सहित कई गांवों में शेड व बोर्ड निर्माण में अनियमितता के मामले में राजस्व मंत्री ने प्रकरण को जांच के लिए सतर्कता विभाग (विजिलेंस) को भेजने के निर्देश दिए।
बनिहाड़ी गांव के बांध पर युवक की संदिग्ध मौत के मामले में उप पुलिस अधीक्षक भारत भूषण ने बताया कि विसरा डाइटम जांच के लिए न्यायिक विज्ञान प्रयोगशाला मधुबन भेजा गया है, जहां से रिपोर्ट और चिकित्सकों की अंतिम राय प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं नलापुर चौक से छिप्पी जोहड़ तक नाले पर हुए अतिक्रमण की शिकायत पर मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समस्या का पूर्ण समाधान सुनिश्चित कराने के आदेश दिए।
इस मौके पर हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस बैठक में नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव, नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव तथा नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed