Mohali News: पंजाब की पहली ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग’ का मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने किया उद्घाटन

शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग
Mohali News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को पंजाब की पहली फ्रेंचाइजी आधारित ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 क्रिकेट लीग’ का उद्घाटन किया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) द्वारा आयोजित इस लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। लीग के सभी मुकाबले मोहाली स्थित पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं।
खिलाड़ियों और आयोजकों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ पंजाब के उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभव हासिल करने और खेल में आगे बढ़ने का बड़ा मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि पहली बार पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आईपीएल की तर्ज पर इस लीग का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह के बाद प्रतियोगिता का पहला मुकाबला अमृतसर सूरमाज और मोहाली किंग्स के बीच खेला गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को स्थापित खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
भारतीय क्रिकेट में पंजाब की बढ़ती ताकत
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा भारतीय क्रिकेट को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लिए गर्व की बात है कि वर्तमान में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों के कप्तान क्रमशः शुभमन गिल और हरमनप्रीत कौर पंजाब से हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब के करीब 21 खिलाड़ी इस समय आईपीएल में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में भी पंजाब के चार खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें कप्तान शुभमन गिल के अलावा अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पंजाब के गौरवशाली क्रिकेट इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य ने लाला अमरनाथ, बिशन सिंह बेदी, मोहिंदर अमरनाथ, यशपाल शर्मा और युवराज सिंह जैसे दिग्गज क्रिकेटर देश को दिए हैं। उन्होंने कहा कि शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग नई पीढ़ी के क्रिकेटरों को मंच देकर इस विरासत को और मजबूत करेगी।
नशे के खिलाफ जंग में खेल सबसे बड़ा हथियार
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि खेल नशे के खिलाफ जंग में सबसे घातक हथियार है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए खेलों को विशेष बढ़ावा दे रही है और राज्य में खेलों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब में जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए 3,100 खेल मैदानों का निर्माण किया जा रहा है।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने खेलों के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट प्रावधान किया है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और पंजाब के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
5 सितंबर से बठिंडा में होंगी ‘खेडां वतन पंजाब दियां’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार 5 सितंबर से बठिंडा में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का आयोजन करने जा रही है। उन्होंने इसे राज्य का सबसे बड़ा खेल महोत्सव बताते हुए कहा कि इसमें खिलाड़ियों की तीन पीढ़ियां हिस्सा लेंगी, जो पंजाब की खेल भावना को एक अनूठा रूप देगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना और युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त मंच उपलब्ध करवाना है। इस अवसर पर लोकसभा सदस्य गुरमीत सिंह मीत हेयर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
छह फ्रेंचाइजी टीमें ले रही हैं हिस्सा
शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के पहले संस्करण में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रत्येक टीम की कप्तानी पंजाब के प्रमुख क्रिकेटरों के हाथों में है जिसमें फाजिल्का फाल्कन्स से शुभमन गिल,लुधियाना लायंस अर्शदीप सिंह,अमृतसर सूरमाज अभिषेक शर्मा,जालंधर वॉरियर्स प्रभसिमरन सिंह, मोहाली किंग्स रामदीप सिंह,बठिंडा रॉयल्स गुरनूर बराड़ के अलावा लीग में अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमंजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष भगत सहित पंजाब के कई प्रमुख क्रिकेटर भी हिस्सा ले रहे हैं। पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों के पूल में से नीलामी के जरिए 119 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
