August 31, 2026

Panipat News: पानीपत में इंसानियत पड़ी भारी, बीमार मां का झांसा देकर बैंक कर्मी से ₹1.25 लाख का साइबर फ्रॉड, 4 खाते फ्रीज

0
Panipat News: पानीपत में इंसानियत पड़ी भारी, बीमार मां का झांसा देकर बैंक कर्मी से ₹1.25 लाख का साइबर फ्रॉड, 4 खाते फ्रीज

पानीपत में इंसानियत पड़ी भारी, बीमार मां का झांसा देकर बैंक कर्मी से ₹1.25 लाख का साइबर फ्रॉड

Panipat News: इंसानियत और मदद की भावना किस तरह किसी हंसते-खेलते परिवार के लिए मुसीबत का सबब बन सकती है, इसकी बानगी पानीपत में देखने को मिली है। यहां एचडीएफसी (HDFC) बैंक में कार्यरत एक कर्मचारी को पड़ोसी युवकों की मदद करना इतना भारी पड़ गया कि वह देखते ही देखते खुद साइबर क्रिमिनल की सूची में आ खड़ा हुआ। आरोपियों ने बीमार मां के इलाज का झूठा नाटक रचकर उसके क्रेडिट कार्ड से ₹1.25 लाख ऐंठ लिए और बदले में उसके खातों में फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करा दी।

इस साइबर ठगी का खुलासा तब हुआ जब राजस्थान पुलिस ने संदिग्ध लेनदेन के चलते बैंक कर्मी के चार खाते फ्रीज करा दिए। अब जब पीड़ित ने न्याय की गुहार लगाई, तो दबंग आरोपी उसे जान से मारने और अपहरण की धमकियां दे रहे हैं। हालत यह है कि घर के बाहर पहरा दे रहे बदमाशों के खौफ से पीड़ित का पूरा परिवार घर के भीतर कैद होने को मजबूर है।

बीमार मां की दुहाई देकर लिया झांसे में, फिर क्रेडिट कार्ड से कराया भुगतान

पीड़ित बैंक कर्मी दानिश, जो पानीपत की अशोक विहार कॉलोनी का निवासी है, ने बताया कि फरवरी 2026 में उसकी ही कॉलोनी के सुहैल, रेहान और उवेश उसके पास पहुंचे। सुहैल ने दानिश के सामने रोते-बिलखते हुए अपनी मां की हालत गंभीर होने और अस्पताल में भर्ती होने की बात कही। उसने दावा किया कि एटीएम और बैंकिंग नेटवर्क में तकनीकी खराबी के कारण वह पैसे नहीं निकाल पा रहा है और उसे तुरंत नकद पैसों की सख्त दरकार है।

रेहान और उवेश ने भी सुहैल की हां में हां मिलाई। दानिश ने पड़ोसी होने और इंसानियत के नाते उनकी मदद करने का फैसला कर लिया। उसने अपने क्रेडिट कार्ड के जरिए ₹1.25 लाख का ऑनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद तीनों युवकों ने एक-दो दिन के भीतर अलग-अलग खातों से दानिश के क्रेडिट कार्ड में रकम वापस भी लौटा दी। लेकिन असली खेल इसके बाद शुरू हुआ।

राजस्थान पुलिस ने फ्रीज किए 4 खाते, साइबर क्रिमिनल बना पीड़ित

भुगतान के महज दो दिन बाद ही दानिश के भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और कोटक महिंद्रा बैंक के चार खाते अचानक ब्लॉक हो गए। जब दानिश ने परेशान होकर अपने बैंक से संपर्क साधा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उसके खातों में जो ₹1.25 लाख की रकम आई है, वह राजस्थान में हुए एक बड़े साइबर फ्रॉड का हिस्सा है। राजस्थान पुलिस की सिफारिश पर उसके सभी बैंक खातों को संदिग्ध मानकर फ्रीज कर दिया गया है।

खुद को बिना किसी गुनाह के साइबर अपराधियों की कतार में खड़ा पाकर दानिश स्तब्ध रह गया। उसने तुरंत तीनों युवकों और उनके परिजनों से संपर्क साधकर पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करने को कहा। आरोप है कि मदद करने के बजाय आरोपियों के परिजनों—माजिद उर्फ मुंसी, फरहान उर्फ गुड्डू और नौशाद ने दानिश को धमकाना शुरू कर दिया कि “तू अकेला है और हम बहुत सारे, पुलिस में गया तो अंजाम बुरा होगा।”

सीएम विंडो पर शिकायत के बाद मारपीट और किडनैपिंग की धमकी

स्थानीय पुलिस से मदद न मिलने पर पीड़ित दानिश ने 19 जून को हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएम विंडो) में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का पता चलते ही आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। आरोपी सुहैल बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर अपने साथियों के साथ आया और दानिश का रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने साफ लहजे में धमकी दी कि अगर सीएम विंडो से शिकायत वापस नहीं ली तो उसका अपहरण कर लिया जाएगा और ऐसे झूठे मामले में फंसाया जाएगा कि जमानत कराने वाला भी नहीं मिलेगा।

वर्तमान में पीड़ित परिवार बेहद खौफ के साये में जीने को मजबूर है। दानिश के मुताबिक, दिन-रात उसके घर के बाहर अज्ञात बदमाश बाइकों पर रेकी करते रहते हैं। डर के मारे दानिश ड्यूटी पर बैंक भी नहीं जा पा रहा है और पूरा परिवार घर के दरवाजे बंद कर अंदर बैठा है।

दूसरी ओर, मामले की बाबत पूछने पर स्थानीय थाना पुलिस का कहना है कि सीएम विंडो से प्राप्त शिकायत पर जांच जारी है। चूंकि मामला अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड से जुड़ा है, इसलिए राजस्थान पुलिस से भी पत्राचार कर पूरा रिकॉर्ड मांगा गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें–  हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र आज से, HKRN भर्ती पर घमासान के आसार, पेश होंगे 13 विधेयक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed