Kaithal News: नेशनल पावरलिफ्टिंग में कैथल के कवारतन गांव का दबदबा, 1 गोल्ड और 2 सिल्वर जीतकर लौटे धुरंधर

नेशनल पावरलिफ्टिंग में कैथल के कवारतन गांव का दबदबा
Kaithal News: हरियाणा की माटी और खेलों का गहरा नाता एक बार फिर साबित हुआ है। कैथल जिले के छोटे से गांव कवारतन के तीन प्रतिभावान युवाओं ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में अपनी ताकत का लोहा मनवाते हुए तीन मेडल अपने नाम किए हैं। इंडियन पावरलिफ्टिंग फेडरेशन की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय स्पर्धा में कवारतन के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण (गोल्ड) और दो रजत (सिल्वर) पदक जीतकर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद जब तीनों खिलाड़ी पदक गले में लटकाकर अपने गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बनता था।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली विजय यात्रा, ट्रैक्टरों पर बिठाकर हुआ जोरदार स्वागत
गांव की सीमा पर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादे गए विजेताओं को गांव में ट्रैक्टरों पर बैठाकर विजय यात्रा निकाली गई। पूरे गांव में ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवा नाचते नजर आए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक जीत की बधाई दी।
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले कोच राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी इस कामयाबी में कड़ी मेहनत और लगन का बड़ा योगदान है। वहीं गांव के ही दो होनहार युवाओं, एकमजीत और केशव ने अपने-अपने भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। एक साथ तीन मेडल गांव आने से कवारतन में जश्न का माहौल बना हुआ है।
6 साल की मेहनत लाई रंग, युवाओं को नशामुक्त कर खेलों से जोड़ने की मुहिम
कोच राजेंद्र सिंह ने अपनी इस सफलता और गांव के खेल माहौल पर बात करते हुए बताया कि वे पिछले छह सालों से कवारतन में जिम चला रहे हैं। वर्तमान में गांव के करीब 100 से अधिक बच्चे और युवा उनके मार्गदर्शन में रोज सुबह-शाम पसीना बहाते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य गांव की युवा पीढ़ी को नशे और गलत संगति से दूर रखकर खेलों की ओर मोड़ना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
अब नेपाल में दिखाएंगे दम, अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा पर टिकीं निगाहें
दिल्ली की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में परचम लहराने के बाद अब इन खिलाड़ियों की नजरें अंतरराष्ट्रीय मुकाबले पर टिक गई हैं। कोच राजेंद्र सिंह ने बताया कि उनका अगला पड़ाव नेपाल में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता है।
इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में दुनिया के 20 से अधिक देशों के दिग्गज पावरलिफ्टर हिस्सा लेंगे। कोच और दोनों युवा खिलाड़ियों का कहना है कि वे बिना समय गंवाए फिर से अभ्यास में जुट गए हैं ताकि नेपाल की धरती पर भी तिरंगा लहरा सकें।
यह भी पढ़ें– पूंडरी में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर कसेगा शिकंजा, विधायक सतपाल जांबा की सख्त चेतावनी
