Mahendragarh : महेंद्रगढ़ में DTP विभाग का पीला पंजा, चामधेरा रोड पर अवैध कॉलोनी ध्वस्त

अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करती डीटीपी की टीम ।
Mahendragarh : जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपनी सख्त मुहिम तेज करते हुए सोमवार को महेंद्रगढ़ में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
नारनौल की संयुक्त टीम ने नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र के तहत आने वाली राजस्व संपदा महेंद्रगढ़ में चामधेरा रोड पर लगभग डेढ़ एकड़ भूमि पर अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनी पर पीला पंजा चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बनाए गए अवैध कच्चे सड़क नेटवर्क, 15 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) और चारदीवारी समेत अन्य सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई जिला नगर योजनाकार, नारनौल और हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के उपमंडल अधिकारी (सिविल) नारनौल, पवन कुमार की संयुक्त अगुवाई और भारी विभागीय अमले की मौजूदगी में की गई।
डीलरों के बहकावे में न आने की सख्त हिदायत
जिला नगर योजनाकार दिनेश सिंह ने कार्रवाई के बाद स्पष्ट किया कि नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में बिना विभागीय अनुमति के किसी भी तरह का निर्माण करना कानूनन जुर्म है।
कृषि भूमि को रिहायशी या व्यावसायिक उपयोग में तब्दील करने से पहले महानिदेशक, नगर तथा ग्राम आयोजना विभाग (हरियाणा, चंडीगढ़) से नियमानुसार लाइसेंस और अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ विभाग की ओर से कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कॉलोनी की चारदीवारी
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रॉपर्टी डीलर के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और न ही वहां किसी प्रकार का निर्माण करें।
किसी भी संपत्ति को खरीदने से पहले उसकी वैधता की पुष्टि जिला नगर योजनाकार कार्यालय, नारनौल से जरूर कर लें। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिले में अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
यह भी देखें – राजकीय विद्यालय शहबाजपुर में गूंजा युवा संसद का सत्र, छात्र-छात्राओं ने निभाई प्रधानमंत्री और स्पीकर की भूमिका
