Yamunanagar News: यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल का बड़ा एक्शन, 6000 प्रतिबंधित गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार

यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल का बड़ा एक्शन, 6000 प्रतिबंधित गोलियों के साथ तस्कर गिरफ्तार
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले में नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों के काले कारोबार पर नकेल कसते हुए एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने एक बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चुना भट्टी जगाधरी के समीप घेराबंदी कर एक युवक को 6 हजार प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) गोलियों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी आजाद नगर निवासी आशु गुप्ता (पुत्र नीरज गुप्ता) पुलिस टीम को देखते ही बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे खदेड़कर दबोच लिया।
सप्लायर तक पहुंची पुलिस, अवैध अस्पताल का हुआ पर्दाफाश
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि सेल प्रभारी अनिल कुमार की अगुवाई में उप निरीक्षक आशीष कुमार, एएसआई राजिंदर सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों की एक विशेष टीम गठित की गई थी। तलाशी के दौरान आशु के पास से भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिनके संबंध में वह कोई भी वैध बिल या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कड़ाई से की गई पूछताछ में आशु ने खुलासा किया कि वह ये दवाइयां रामपुर खादर निवासी शैलेंद्र से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दबिश देकर मुख्य सप्लायर शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी शैलेंद्र नत्थनपुर बस स्टैंड के पास बिना किसी मान्यता के अवैध रूप से एक अस्पताल चला रहा था।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एंटी नारकोटिक सेल ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी कि इतनी बड़ी तादाद में प्रतिबंधित अल्प्राजोलम गोलियां कहां से तैयार या सप्लाई की जा रही थीं और इन्हें क्षेत्र में किन-किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान नशे के इस संगठित रैकेट से जुड़े कई अन्य चेहरों का पर्दाफाश हो सकता है।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में रेलवे पुल पार करते समय ट्रेन से कटी महिला, पति और बच्चों ने कूदकर बचाई जान
