Karnal Murder News: करनाल में गेहूं अनुसंधान केंद्र के पास युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या

करनाल में गेहूं अनुसंधान केंद्र के पास युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या
Karnal Murder News: करनाल में देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। गेहूं अनुसंधान केंद्र के पास सड़क किनारे एक युवक की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। सुबह जब राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े खून से लथपथ शव पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पेठे की दुकान पर काम करता था मृतक, बुधवार रात ही ट्रेन से लौटा था करनाल
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर बारीकी से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी कालीचरण के तौर पर हुई है। कालीचरण करनाल के मॉडल टाउन स्थित गोवर्धन पेठे की दुकान पर काम करता था। जानकारी के मुताबिक, वह बुधवार देर रात ही ट्रेन से वापस करनाल पहुंचा था।
रात में किसके साथ था कालीचरण? CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
रेलवे स्टेशन से निकलने के बाद कालीचरण गेहूं अनुसंधान केंद्र के पास कैसे पहुंचा और उसकी किससे दुश्मनी थी, पुलिस इन तमाम सवालों के जवाब तलाश रही है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास के इलाकों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कालीचरण की आखिरी लोकेशन और उसके साथ मौजूद लोगों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच के आधार पर मामला पुरानी रंजिश या लूटपाट के विरोध का भी हो सकता है। फिलहाल अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही इस अंधी हत्या का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: फरीदाबाद में अलसुबह पुलिस एनकाउंटर, मवई नहर पर ताबड़तोड़ फायरिंग में दिल्ली के 2 बदमाश घायल
