Ambala News: अनिल विज का बड़ा एक्शन, पंचकूला CP को लगाई फटकार, 2 पुलिस चौकी इंचार्ज सस्पेंड
अनिल विज का बड़ा एक्शन, पंचकूला CP को लगाई फटकार, 2 पुलिस चौकी इंचार्ज सस्पेंड
Ambala News: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज का ‘गब्बर’ अवतार एक बार फिर अपनी जनसुनवाई के दौरान देखने को मिला। जनता की समस्याओं के निपटारे में ढिलाई और पुलिसिया लापरवाही को लेकर विज का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने मौके पर ही दो पुलिस चौकी इंचार्जों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। इसके साथ ही पंचकूला में हुई एक बड़ी साइबर ठगी में ढीली कार्रवाई को लेकर उन्होंने सीधे पंचकूला पुलिस कमिश्नर को फोन मिलाकर जमकर क्लास लगा दी।
साइबर ठगी पर पंचकूला CP को फोन पर दी नसीहत
जनसुनवाई के दौरान पंचकूला से आए एक फरियादी ने बताया कि उसके साथ करीब 48 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पुलिस केवल 14 लाख रुपये ही रिकवर कर पाई और बाकी रकम के लिए वह लंबे समय से दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। पीड़ित की आपबीती सुनते ही अनिल विज ने तुरंत पंचकूला के पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा को फोन लगा दिया।
विज ने सख्त लहजे में कहा, “शिकायतकर्ता धक्के खा-खाकर थक चुका है, तब मेरे पास आया है। क्राइम आपके इलाके में हुआ है, आप CP हैं तो सभी चीजों को देखना आपकी जिम्मेदारी है।” मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा, “मैं इसी प्रदेश का हूं, बाहर का नहीं,” और अधिकारी को बची हुई रकम की जल्द से जल्द रिकवरी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
चोरी की शिकायतें दबाने पर दो चौकी इंचार्ज सस्पेंड
अंबाला छावनी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पुलिस की ढिलाई के दो गंभीर मामले सामने आए। पहला मामला स्टाफ रोड की एक युवती का था, जिसके घर 9 सितंबर को चोरों ने घुसकर पिता को नशीला पदार्थ सुंघाया और 20 तोले सोना व नकदी पार कर दी। पीड़िता ने बताया कि CCTV फुटेज होने के बावजूद तोपखाना पुलिस चौकी ने FIR दर्ज नहीं की और जब उसने मंत्री के पास जाने की बात कही, तब आनन-फानन में केस दर्ज किया गया।
दूसरा मामला कच्चा बाजार निवासी एक मंदिर के पुजारी से जुड़ा था, जहां 5 सितंबर को ताला तोड़कर चोरी की शिकायत के बावजूद हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी ने कोई कदम नहीं उठाया। दोनों मामलों में अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था, जिस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए विज ने तोपखाना और हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकियों के इंचार्जों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए।
ट्यूबवेल कनेक्शन और मौत के मामले में भी सख्त निर्देश
जनसुनवाई में केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि बिजली विभाग की लापरवाही की पोल भी खुली। गांव नडियाली के एक किसान ने शिकायत दी कि उसका ट्यूबवेल कनेक्शन साल 2025 में काटा गया था, लेकिन सभी प्रक्रियाएं पूरी करने और कोई बकाया न होने के बावजूद एक साल से नया कनेक्शन नहीं दिया गया, जिससे उसकी खेती बर्बाद हो रही है। इस पर विज ने चौड़मस्तपुर सब-डिवीजन के SDO के खिलाफ जांच के आदेश देते हुए अंबाला SE को मामले की जिम्मेदारी सौंपी।
वहीं, महेशनगर से आए लोगों ने एक विवाहिता की मौत के मामले में दर्ज केस की धाराओं पर सवाल उठाए और दावा किया कि यह हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या का मामला है। निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कैबिनेट मंत्री ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें– अंबाला कैंट स्टेशन पर बड़ा रेस्क्यू, बिहार से लाए गए 10 बाल मजदूर बचाए गए, राइस मिलों में होनी थी सप्लाई
