Faridabad Accident: फरीदाबाद में पानी के टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, ESIC कर्मी महिला की मौत
फरीदाबाद में पानी के टैंकर ने स्कूटी को मारी टक्कर, ESIC कर्मी महिला की मौत
Faridabad Accident: हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। एनएचपीसी के पास सोमवार रात एक तेज रफ्तार पानी के टैंकर ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में 36 वर्षीय महिला कर्मचारी की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनकी सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार जारी है। घटना के बाद आरोपी चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ईएसआईसी गर्ल्स हॉस्टल से ड्यूटी खत्म कर लौट रही थीं दोनों
सराय थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसजीएम नगर की 22 फुट रोड निवासी आशा (36) ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत थीं। वर्तमान में उनकी तैनाती एनएचपीसी के समीप स्थित ईएसआईसी के गर्ल्स हॉस्टल में चल रही थी। सोमवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह अपनी एक अन्य महिला सहकर्मी के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने घर के लिए निकली थीं।
पीछे से मारी टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एनएचपीसी के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक पानी के टैंकर ने उनकी स्कूटी में सीधी टक्कर दे मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं और गंभीर रूप से चोटिल हो गईं। हादसे के बाद राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और आनन-फानन में दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों के काफी प्रयासों के बावजूद गंभीर रूप से घायल आशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
टैंकर जब्त, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सराय थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के टैंकर को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद से फरार चल रहे टैंकर चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी के बहल में नाले में भड़की भीषण आग, आसमान में छाया काला धुआं
