Tarntaran Border News: पंजाब के खालड़ा सेक्टर में BSF और पुलिस का बड़ा एक्शन, भारत-पाक सीमा से 30 बोर की पिस्तौल बरामद
पंजाब के खालड़ा सेक्टर में BSF और पुलिस का बड़ा एक्शन, भारत-पाक सीमा से 30 बोर की पिस्तौल बरामद
Tarntaran Border News: (तरुण कपूर) भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन और हथियारों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए सुरक्षाबल लगातार मुस्तैद हैं। इसी कड़ी में तरनतारन जिले के खालड़ा सेक्टर में पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। समय रहते हथियार बरामद होने से सीमा पार से रची जा रही एक और संदिग्ध साजिश नाकाम हो गई है।
झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था पीले रंग का पैकेट
मामले की जानकारी देते हुए थाना खालड़ा के हेड कांस्टेबल (HC) जगतूप सिंह ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस टीम और बीएसएफ के जवानों ने सीमावर्ती इलाके में स्थित ‘डिफेंस ड्रेन डल’ के आसपास सघन तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया था। चेकिंग के दौरान जवानों को ड्रेन के किनारे एक संदिग्ध पीले रंग का पैकेट दिखाई दिया। जब पैकेट को खोलकर देखा गया तो उसमें से 30 बोर की एक पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद हुई।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
सुरक्षाबलों ने तुरंत हथियार को अपने कब्जे में लेकर इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं आसपास कोई और खेप तो नहीं फेंकी गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में थाना खालड़ा में अज्ञात तस्करों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 26 और 29 के तहत एफआईआर (केस नंबर 269) दर्ज कर ली गई है।
पुलिस का मानना है कि यह हथियार पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन के जरिए गिराया गया था या फिर किसी स्थानीय तस्कर को इसे आगे पहुंचाना था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगी हुई है और अधिकारियों का दावा है कि जांच के दौरान आने वाले दिनों में कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
