October 3, 2026

Kurukshetra News: चावल की बोरी के नीचे दबा मजदूर, सिर में लगी गंभीर चोट; कुरुक्षेत्र LNJP में तोड़ा दम

0
Kurukshetra News: चावल की बोरी के नीचे दबा मजदूर, सिर में लगी गंभीर चोट; कुरुक्षेत्र LNJP में तोड़ा दम

चावल की बोरी के नीचे दबा मजदूर, सिर में लगी गंभीर चोट; कुरुक्षेत्र LNJP में तोड़ा दम

Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पेट पालने की गरज से सैकड़ों किलोमीटर दूर बिहार से हरियाणा आए एक प्रवासी मजदूर की राइस मिल में काम के दौरान मौत हो गई। हादसा कंगनपुर-पिहोवा मार्ग पर स्थित रेनबो राइस मिल का है, जहां गोदाम में चावल की भारी-भरकम बोरियां रखते समय मजदूर का अचानक संतुलन बिगड़ गया। सिर के पिछले हिस्से में ईंटों के खड़ंजे से सीधी गहरी चोट लगने के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान बिहार के जिला मधुबनी अंतर्गत गांव जानकीनगर निवासी 31 वर्षीय नित्यानंद सदाय के रूप में हुई है। नित्यानंद अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।

दो दिन पहले ही गांव से लौटा था, एक दिन आराम के बाद काम पर उतरा

मृतक के भतीजे मोहन कुमार सदाय ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह और उसका चाचा नित्यानंद दोनों ही रेनबो राइस मिल में मजदूरी करते थे। नित्यानंद दो दिन पहले ही बिहार स्थित अपने गांव से लौटकर मिल में आया था। एक दिन का सफर तय करने के बाद उसने एक दिन आराम किया और अगले ही दिन नाइट शिफ्ट में काम पर जुट गया, लेकिन किसे मालूम था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी काम साबित होगा।

घटनाक्रम के अनुसार, रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद नित्यानंद अपने ही गांव के साथी मजदूर धीरज कुमार के साथ मिल परिसर में बाहर रखी चावल की बोरियों को उठाकर गोदाम के भीतर स्टैक (चट्टा) करने गया था। पहले नित्यानंद ने धीरज को बोरी उठाने में मदद की। इसके तुरंत बाद जब धीरज ने नित्यानंद के कंधे पर चावल की भारी बोरी रखवाई, तो वजन के झटके से नित्यानंद का संतुलन बिगड़ गया। वह संभल पाता, इससे पहले ही बोरी समेत सीधे पीछे की ओर पक्के ईंटों के फर्श पर जा गिरा।

सिर में आई गंभीर चोट, LNJP अस्पताल में तोड़ा दम

ईंटों के फर्श पर सीधे सिर के बल गिरने से नित्यानंद के सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव हो गया और देखते ही देखते उसकी नाक से खून बहने लगा। चोट इतनी भीषण थी कि वह मौके पर ही अचेत हो गया। हादसे के बाद मिल परिसर में हड़कंप मच गया। साथी मजदूर और ठेकेदार आनन-फानन में उसे पिहोवा के नागरिक अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तुरंत कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन और साथी उसे एम्बुलेंस के जरिए LNJP अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद नित्यानंद ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर पिहोवा के अधीन आती गुमथला गढू पुलिस चौकी की टीम अस्पताल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया घटना की रिपोर्ट दर्ज की है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: अक्टूबर में भी गर्मी का सितम, कुरुक्षेत्र में साफ हुआ आसमान, महेंद्रगढ़ में पारा 38 डिग्री के करीब पहुंचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed