Ambala Sikh Protest: अंबाला में बवाल, ‘बातचीत चल रही थी और पुलिस ने चला दीं लाठियां’, HSGMC झींडा ने लगाए गंभीर आरोप

अंबाला में बवाल, 'बातचीत चल रही थी और पुलिस ने चला दीं लाठियां', HSGMC झींडा ने लगाए गंभीर आरोप
Ambala Sikh Protest: हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधकीय कमेटी (HSGMC) के पूर्व प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने अंबाला में सिख संगत और पुलिस प्रशासन के बीच हुई हिंसक झड़प को लेकर पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए झींडा ने आरोप लगाया कि जब बातचीत अंतिम दौर में थी और मामला सुलझने की कगार पर था, तब पुलिस ने अचानक बर्बरता दिखाते हुए निहत्थी संगत पर वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दाग दिए।
‘सीएम हाउस से मिला था आश्वासन, घोषणा करने ही वाले थे कि चल पड़ीं लाठियां’
घटनाक्रम का ब्योरा देते हुए जगदीश सिंह झींडा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8:13 बजे उनकी पुलिस के उच्च अधिकारियों से लगातार सकारात्मक चर्चा चल रही थी। इसी दौरान मुख्यमंत्री आवास से भी फोन आया था, जहां से पूरे मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई का ठोस भरोसा दिया गया। झींडा के मुताबिक, इस आश्वासन से संगत संतुष्ट थी और वे धरना समाप्त करने का ऐलान करने ही वाले थे कि अचानक पुलिस ने हमला बोल दिया। उन्होंने इसे प्रशासन द्वारा किया गया सीधा विश्वासघात करार दिया है।
चार बैरिकेडिंग तोड़ जीटी रोड पर जमे प्रदर्शनकारी, पुलिस ने खदेड़ा
गौरतलब है कि गुरुवार को पंजोखरा साहिब की तरफ से आगे बढ़ रहे आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस द्वारा लगाए गए चार सुरक्षा घेरों (बैरिकेडिंग) को एक-एक कर उखाड़ फेंका। इसके बाद हजारों की तादाद में लोग जग्गी सिटी सेंटर के सामने नेशनल हाईवे (जीटी रोड) पर जा जमे, जिससे दिल्ली-अमृतसर मार्ग पर वाहनों का पहिया पूरी तरह थम गया। करीब साढ़े आठ बजे जब चेतावनी के बाद भी भीड़ नहीं हटी, तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ दिया।
पथराव और हमले में डीएसपी घायल, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
पुलिसिया कार्रवाई के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। पीछे हट रहे प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस टीमों पर पथराव शुरू कर दिया गया। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया, जिसकी चपेट में आकर एक डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए। फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और जग्गी सिटी सेंटर के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती कर पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट
