पिकअप और बाइक की सीधी भिड़ंत, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत
May 15, 2026 5:52 PM
बराड़ा। अंबाला का बराड़ा इलाका एक बार फिर तेज रफ्तार के चलते लहूलुहान हो गया। मुलाना-सुहाना मार्ग पर बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित बोलेरो पिकअप जीप ने सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार को इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग सहम गए और तुरंत मौके की तरफ दौड़े। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार को रौंदने के बाद संतुलन खोकर पिकअप जीप भी बीच सड़क पर ही पलट गई।
घर का चिराग बुझा, चीखों में बदलीं खुशियां
हादसे का शिकार हुए बदनसीब युवक की पहचान पास के ही गांव थंबड़ निवासी ईशु के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि ईशु किसी निजी काम से निकला था, लेकिन किसे पता था कि मुलाना-सुहाना रोड पर मौत घात लगाए बैठी है। जैसे ही उसकी बाइक मुख्य मार्ग पर पहुंची, सामने से काल बनकर आ रही पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की खबर मिलते ही थंबड़ गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गाड़ी छोड़कर भागा ड्राइवर, जांच में जुटी खाकी
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर पलटी हुई पिकअप जीप का चालक अंधेरे में रफूचक्कर हो गया। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना बराड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और सबसे पहले सड़क पर पलटी गाड़ी को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक ईशु के शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने व जान लेने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।