Search

अग्रवाल वैश्य समाज युवा इकाई का पदग्रहण समारोह कल, पिहोवा से बड़ी संख्या में पहुंचेगा प्रतिनिधिमंडल

Jun 20, 2026 3:44 PM

पिहोवा (अभिषेक पूर्णिमा) अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा की युवा इकाई को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए कल, 21 जून को करनाल में एक विशाल प्रांतीय पदग्रहण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में हरियाणा के कोने-कोने से वैश्य समाज की दिग्गज हस्तियां, नवनियुक्त युवा पदाधिकारी और प्रबुद्ध समाजसेवी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के जुझारू प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला मौजूद रहेंगे, जो युवा शक्ति को समाज निर्माण का संकल्प दिलाएंगे।

सभी जिलों में संगठन का विस्तार, युवाओं में भारी उत्साह

अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा युवा इकाई के सह-प्रभारी व प्रदेश सचिव हरिओम अग्रवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि संगठन ने हाल ही में प्रदेश के सभी जिलों में युवाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इन ग्राउंड लेवल नियुक्तियों के बाद से ही युवाओं के भीतर समाज सेवा को लेकर एक नया जोश और गजब की ऊर्जा देखी जा रही है। उन्होंने कहा, "युवा शक्ति ही किसी भी समाज की रीढ़ होती है। युवा इकाई के माध्यम से हमारा प्रयास समाज को कुरीतियों से मुक्त करना और नई प्रगतिशील दिशा देना है।" हरिओम अग्रवाल ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे रविवार को ज्यादा से ज्यादा संख्या में करनाल पहुंचकर नई टीम का हौसला बढ़ाएं।

युवा नेतृत्व से समाज को मिलेगी नई रफ्तार: चंद्रगुप्त मंगला सोनू

उधर, अग्रवाल वैश्य समाज पिहोवा के प्रधान चंद्रगुप्त मंगला (सोनू) ने भी इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने पिहोवा क्षेत्र के समाजसेवियों और युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में करनाल पहुंचें। चंद्रगुप्त मंगला ने जोर देकर कहा, "आज के दौर में युवाओं को सामाजिक और सांगठनिक गतिविधियों से जोड़ना वक्त की सबसे बड़ी जरूरत है। जब युवा वर्ग अपनी ऊर्जा को समाज हित में लगाता है, तो विकास के पहिए को दोगुनी रफ्तार मिलती है।"

पिहोवा प्रधान ने भरोसा जताया कि करनाल का यह मंच न केवल वैश्य समाज की एकता और सांगठनिक मजबूती का गवाह बनेगा, बल्कि आने वाले दिनों में यह समारोह युवा नेतृत्व को एक नई और प्रभावी पहचान देने में मील का पत्थर साबित होगा। पिहोवा से प्रतिनिधिमंडल को रवाना करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

You may also like:

Please Login to comment in the post!