Search

अम्बाला में बदमाशों का तांडव: बुजुर्ग को पहले बाइक पर 'अगवा' किया, फिर एसिड डालकर सड़क पर फेंका

May 10, 2026 5:55 PM

अम्बाला। अम्बाला कैंट के पॉश इलाके हाथी खाना मंदिर के पास रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने जो दुस्साहस दिखाया, उससे पूरा शहर दहल गया है। मंदिर में माथा टेककर सुकून से लौट रहे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने न केवल लूटने की कोशिश की, बल्कि विरोध जताने पर उन पर ज्वलनशील पदार्थ (एसिड) फेंक दिया। यह खौफनाक वारदात तब हुई जब 'अपना घर' वृद्धाश्रम में रहने वाले महेश कुमार दर्शन कर वापस लौट रहे थे। शहर के व्यस्ततम रास्तों में से एक पर हुई इस घटना ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं।

मदद के नाम पर दिया धोखा, जबरन बाइक पर बिठाया

पीड़ित महेश कुमार ने अस्पताल में बताया कि जब वह पैदल चल रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक और एक एक्टिवा सवार युवक उनके पास आकर रुके। बदमाशों ने पहले तो बुजुर्ग के प्रति हमदर्दी दिखाई और भीषण गर्मी का हवाला देते हुए उन्हें मंजिल तक छोड़ने की बात कही। जब महेश कुमार ने साथ जाने से मना किया, तो बदमाशों ने दबंगई दिखाते हुए उन्हें जबरन बाइक के बीच में बिठा लिया। बाइक के आगे बढ़ते ही पीछे बैठे बदमाश ने महेश की जेबें टटोलनी शुरू कर दीं, जिससे उन्हें खतरे का आभास हो गया।

शोर मचाया तो शरीर पर डाल दिया तेजाब

जैसे ही बुजुर्ग ने अपनी जेब कटने से बचाने के लिए शोर मचाना शुरू किया, बदमाशों के हाथ-पांव फूल गए। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने पास रखा ज्वलनशील पदार्थ बुजुर्ग के शरीर पर उड़ेल दिया और उन्हें चलती बाइक से सड़क पर धक्का दे दिया। सड़क पर गिरते ही महेश कुमार दर्द से तड़पने लगे। उनकी चीखें सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शातिर लुटेरे आंखों से ओझल हो चुके थे।

अस्पताल में भर्ती, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल

राहगीरों की मदद से घायल बुजुर्ग को तुरंत अम्बाला कैंट के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ज्वलनशील पदार्थ की वजह से महेश की बाजू से लेकर पेट तक का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। फिलहाल उन्हें वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। दिनदहाड़े एक बेसहारा बुजुर्ग के साथ हुई इस बर्बरता ने स्थानीय लोगों में भारी रोष पैदा कर दिया है। पड़ाव थाना पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई है और पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि इन सफेदपोश दरिंदों की पहचान की जा सके।


You may also like:

Please Login to comment in the post!